Blog

गणेश विसर्जन पर बदलेगा शहर का ट्रैफिक रूट,कई मार्गों पर वाहन प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित,ट्रैफिक एएसपी ने जारी किया रूट चार्ट

बिलासपुर | गणेश विसर्जन के दौरान शहर में सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने रूट प्लान और गाइडलाइन जारी की है। 25 सितंबर को गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान शोभायात्रा, झांकी और जुलूस के चलते शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और कनेक्टिंग मार्गों को डायवर्ट किया जाएगा।

दरअसल यातायात पुलिस के अनुसार इस वर्ष भी गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए पचरी घाट हैप्पी स्ट्रीट और छठ घाट सरकंडा को निर्धारित किया गया है। सरकंडा, मोपका सहित आसपास के क्षेत्रों से निकलने वाली झांकियों और जुलूसों को छठ घाट में प्रतिमा विसर्जन के लिए जाने की अपील की गई है। वहीं कोतवाली, सिविल लाइन, तोरवा, तिफरा सहित शहरी क्षेत्र से आने वाली गणेश प्रतिमाओं के लिए पचरीघाट को विसर्जन स्थल निर्धारित किया गया है।

इन मार्गों पर रहेगी विशेष व्यवस्था

गणेश विसर्जन के दौरान देवकीनंदन चौक, राघवेंद्र तिराहा, सिम्स चौक, कोरोना चौक, मिशन चौक, अमरनाथ गोल बाजार चौक, कोतवाली चौक, जवाली नाला चौक, हटरी चौक, पचरी घाट और गांधी चौक की ओर से शोभायात्रा, झांकी और जुलूस के लिए रूट निर्धारित किया गया है। इन मार्गों पर पर्याप्त संख्या में यातायात और पुलिस बल तैनात रहेगा।
इन प्रमुख मार्गों से जुड़ने वाले कई कनेक्टिंग रास्तों को भी आवश्यकता के अनुसार डायवर्ट किया जाएगा। यातायात पुलिस ने नागरिकों से शोभायात्रा और जुलूस के दौरान इन मार्गों पर अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की है।

छठ घाट जाने वालों के लिए भी डायवर्सन

छठ घाट क्षेत्र में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को देखते हुए महमंद मोड़, पावर हाउस चौक, मोपका तिराहा, बसंत चौक, राजकिशोर नगर तिराहा, शनि मंदिर और छठ घाट तिराहा सहित आसपास के मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर इन मार्गों पर वाहनों का प्रवेश भी प्रतिबंधित किया जा सकता है।
इसके अलावा पेट्रोल पंप क्षेत्र, सिम्स चौक के कनेक्टिंग मार्ग, लखीराम ऑडिटोरियम मार्ग, मिशन चौक, कोरोना चौक, काली मंदिर खापरगंज, तेलीपारा रोड, लालबहादुर शास्त्री-वाल्मीकि चौक, जवाली पुल चौक, लाइफ केयर हॉस्पिटल मार्ग, गांधी चौक और जूना बिलासपुर क्षेत्र में भी यातायात व्यवस्था के अनुसार मार्ग परिवर्तन और वाहन प्रवेश प्रतिबंधित किया जाएगा।

समितियों से वालंटियर रखने की अपील

यातायात पुलिस ने सभी गणेश उत्सव समितियों से पर्याप्त संख्या में वालंटियर रखने की अपील की है। अधिक भीड़ होने की स्थिति में ये वालंटियर यातायात पुलिस के सहयोग से भीड़ और जुलूस को व्यवस्थित करने में मदद करेंगे।पुलिस ने नागरिकों से गणेश विसर्जन और अन्य आयोजनों के दौरान छोटे वाहनों तथा सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है। साथ ही यातायात दबाव बढ़ने की स्थिति में यातायात अधिकारियों और जवानों के निर्देशों का पालन करने कहा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *