Blog

पिकअप वाहनों में अतिरिक्त एंगल लगाने पर बिल्हा पुलिस की कार्रवाई,2 वाहन जब्त

बिलासपुर। ऑपरेशन प्रहार के तहत बिल्हा पुलिस ने वाहनों में अतिरिक्त लोहे के एंगल लगाकर चलने वाले 2 पिकअप वाहनों पर कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए वाहनों में अतिरिक्त एंगल लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बिल्हा पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान रामसत्ता चौक पहुंची, जहां शिवलाल यादव निवासी बिल्हा के माजदा वाहन क्रमांक सीजी 04 क्यूसी 9445 में डीजे लोड करने के लिए वाहन के दाएं, बाएं और ऊपर लोहे के अतिरिक्त एंगल लगाए गए थे।
इसी तरह बिल्हा मेन रोड स्थित शनिचरी बाजार में दीपक मनहर निवासी कुरेली के माजदा वाहन क्रमांक सीजी 10 आर 0105 में भी अतिरिक्त लोहे के एंगल लगे पाए गए। पुलिस ने दोनों वाहनों में इस तरह के अतिरिक्त एंगल लगे होने से दुर्घटना की आशंका को देखते हुए कार्रवाई की।
दोनों मामलों में पंचनामा तैयार कर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा का उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए वाहनों को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत जब्त किया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, प्रधान आरक्षक 786 अनिल बंजारे, आरक्षक 1431 अर्जुन जांगड़े और आरक्षक 1390 संतोष मरकाम का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने कहा है कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *