गणेश विसर्जन में तेज आवाज में डीजे बजाना पड़ा भारी,रतनपुर पुलिस ने डीजे वाहन किया जब्त

बिलासपुर। गणेश विसर्जन के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने और निर्धारित आदेशों का उल्लंघन करने पर रतनपुर पुलिस ने डीजे संचालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए माजदा वाहन समेत साउंड सिस्टम और अन्य उपकरण जब्त किए।
पुलिस के अनुसार पेट्रोलिंग के दौरान नूतन चौक बड़ी बाजार रतनपुर में गणेश विसर्जन के दौरान तेज आवाज में डीजे बजता मिला। पुलिस ने डीजे संचालक राजेश मार्को, उम्र 23 वर्ष, निवासी खाड़ा थाना सीपत को डीजे की आवाज कम करने की समझाइश दी, लेकिन इसके बाद भी तेज आवाज में डीजे बजाना जारी रखा गया।इसके बाद रतनपुर पुलिस ने डीजे वाहन को थाना लाकर जब्त कर लिया। कार्रवाई में माजदा वाहन क्रमांक सीजी 10 सीबी 8529, वाहन में बंधे 10 साउंड बॉक्स, 12 लाइट, 3 जनरेटर समेत डीजे के अन्य उपकरण जब्त किए गए। पुलिस ने डीजे संचालक के खिलाफ कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।पुलिस ने बताया कि तेज आवाज में डीजे बजाने से आम लोगों को परेशानी होने के साथ ही निर्धारित नियमों और प्रशासनिक आदेशों का उल्लंघन होता है। ऐसे मामलों में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।