केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत संकल्प भवन में रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया

बिलासपुर।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू ने नई दिल्ली स्थित संकल्प भवन में आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के पब्लिक हेल्थ (अर्बन) डिवीजन और इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से आयोजित रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा कार्यों से प्रेरित इस अभियान के तहत तोखन साहू ने रक्तदाताओं को उनके अमूल्य योगदान के लिए प्रोत्साहित किया और समाज के प्रति उनकी सेवा भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्त की प्रत्येक यूनिट किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। साथ ही, उन्होंने लोगों से इस पुनीत कार्य में आगे बढ़कर योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर तोखन साहू ने कहा, “खून की हर एक बूंद किसी जरूरतमंद की जान बचाने में मदद कर सकती है। मैं उन सभी रक्तदाताओं का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं, जो सेवा भावना के साथ आगे आए और इस पुनीत कार्य में अपना योगदान दिया। उनका निस्वार्थ प्रयास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा कार्यों के प्रति सम्मान और समाज के प्रति समर्पण की भावना का सच्चा प्रतिबिंब है।”
उन्होंने शिविर के आयोजन तथा अधिकारियों और नागरिकों को जीवनरक्षक इस कार्य में योगदान देने का अवसर प्रदान करने के लिए MoHUA के पब्लिक हेल्थ (अर्बन) डिवीजन और इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की भी सराहना की।