Blog

तलाक से इनकार करने पर पत्नी और सास ने शिक्षक को पीटा

मारपीट के बाद जान से मारने की धमकी देने का आरोप

सिरगिट्टी पुलिस ने दर्ज किया मामला

बिलासपुर। पत्नी से तलाक देने से इनकार करना एक सरकारी शिक्षक को भारी पड़ गया। पत्नी और सास ने कथित तौर पर शिक्षक के साथ गाली-गलौज करते हुए लात-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने दोनों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम तेंदूमुड़ी छिपिया निवासी किसन कुमार दिव्य प्राथमिक शाला पथरी में शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं और फिलहाल महगई में किराए के मकान में रहते हैं। उनकी पत्नी शकुंतला बंजारे और बच्चे तेंदूमुड़ी में रहते हैं। 26 सितंबर को किसन परिवार से मिलने गांव पहुंचे थे। उस समय उनकी सास रोहणी बाई भी वहां मौजूद थीं।

शिकायत के अनुसार 27 सितंबर की रात करीब 2 बजे पत्नी ने किसन से कहा कि वह उनके साथ नहीं रहना चाहती और दूसरी शादी करना चाहती है। उसने तलाक देने के लिए कहा। किसन ने तलाक देने से इनकार किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद पत्नी और सास ने मिलकर गाली-गलौज करते हुए लात-मुक्कों से उसकी पिटाई कर दी।
शिक्षक ने शिकायत में आरोप लगाया है कि पत्नी ने खुद को रेलवे पुलिस में बताकर उसे झूठे केस में फंसाने और रेलवे ट्रैक पर फेंक देने की धमकी भी दी। पुलिस के मुताबिक, इससे पहले पत्नी की ओर से भी शिक्षक के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *