Blog

मालिक पिता का इलाज कराने बाहर गया तो दुकान में काम करने वालों ने मोबाइल पार्ट्स कर दिए पार,जीएम मोबाइल दुकान से 15-20 बॉक्स मोबाइल कॉम्बो व अन्य सामान चोरी,2 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। तारबाहर थाना क्षेत्र के राजीव प्लाजा स्थित जीएम मोबाइल दुकान से मोबाइल रिपेयरिंग में इस्तेमाल होने वाले पार्ट्स और अन्य सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी इसी दुकान में काम करते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद कर वैधानिक कार्रवाई शुरू की है।
पुलिस के अनुसार दुकान संचालक निरंकार चंद्रमलघानी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि राजीव प्लाजा में उसकी जीएम मोबाइल नाम से मोबाइल पार्ट्स एवं रिपेयरिंग की दुकान है। वह अपने पिता के इलाज के लिए बाहर गया था। इसी दौरान दुकान में काम करने वाले नितेश गुप्ता, साहिल नरवारे और सचिन श्रीवास ने दुकान से करीब 15 से 20 बॉक्स मोबाइल कॉम्बो सहित अन्य सामान चोरी कर लिया।

शिकायत के आधार पर तारबाहर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने दुकान में काम करने वाले नितेश गुप्ता उर्फ मोनू (27), निवासी बाजार चौक यदुनंदन नगर तिफरा और सचिन श्रीवास उर्फ तरुण (19), निवासी बंधवापारा, जांजी तालाब के पास को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। पूछताछ के दौरान उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में एक अन्य कर्मचारी साहिल नरवारे की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *