रतनपुर में दो घरों और आश्रम में चोरी का खुलासा,दो आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। रतनपुर में दो अलग-अलग जगहों पर हुई चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घर और सदगुरु कबीर आश्रम में चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने चंद घंटों में गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 2 लाख 14 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर, कपड़े और नगदी रकम बरामद की गई है।

रतनपुर पुलिस के अनुसार, ढोलपारा निवासी बलराम बरगाह के घर से सोने-चांदी के जेवर और करीब 10 से 12 साड़ियां चोरी हुई थीं। वहीं सदगुरु कबीर आश्रम के कमरे का ताला तोड़कर करीब 500 ग्राम वजनी चांदी का छत्र चोरी किया गया था। दोनों मामलों की रिपोर्ट के बाद रतनपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने मुखबिरों को सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि दो संदिग्ध व्यक्ति सोने-चांदी के सामान को औने-पौने दाम में बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने रामकुमार केंवट और जोतराम केंवट को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर, कपड़े और नगदी समेत कुल करीब 2 लाख 14 हजार रुपये की सामग्री बरामद की। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।