Blog

ग्रीन नेट की आड़ में कट रही थीं गाड़ियां,ट्रकों के पार्ट्स मिले, देर रात तक चली जब्ती

बिलासपुर। चकरभाठा के परसदा में खुले मैदान में ग्रीन नेट की आड़ में बाइक और भारी वाहनों की कटिंग कर उनके पार्ट्स कबाड़ में बेचने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चकरभाठा पुलिस ने मंगलवार को मौके पर रेड की। पुलिस टीम को मैदान में बड़ी मात्रा में ट्रकों के पार्ट्स, लोहा और पुराने वाहनों का सामान मिला। सामान की मात्रा इतनी अधिक थी कि उसे थाने लाने के लिए पुलिस को कई चक्कर लगाने पड़े। देर रात तक जेसीबी की मदद से सामान समेटकर जब्त करने की कार्रवाई चलती रही।

पुलिस के अनुसार तालापारा निवासी मुस्तकीन खान, भारतीय नगर निवासी निसार हुसैन, चुचुहियापारा निवासी असगर खान और उनके कुछ साथी करीब 2 महीने से यहां कारोबार कर रहे थे। थाना प्रभारी भावेश शेंडे टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो मैदान में पुराने वाहनों के कटे हुए पार्ट्स और बड़ी मात्रा में लोहा मिला। मौके पर कारोबार से संबंधित गुमास्ता और अन्य जरूरी दस्तावेज भी नहीं मिले।

पुराने जीएसटी नंबर से कारोबार की आशंका

जांच के दौरान पुराने जीएसटी नंबर का इस्तेमाल कर कारोबार किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि जीएसटी नंबर किसके नाम पर पंजीकृत है और उसका इस्तेमाल कौन कर रहा था। जब्त सामान के संबंध में भी दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

तखतपुर के हैदर की भूमिका की भी जांच

जांच में तखतपुर निवासी हैदर का नाम सामने आया है। पुलिस पुराने वाहनों की खरीद-बिक्री में उसकी भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार मुस्तकीन के पिता पेंड्रीडीह चौक के पास कबाड़ का कारोबार करते हैं। वहीं निसार हुसैन उर्फ भोलू ने एसबीआर कॉलेज के सामने संतू कबाड़ी की साइट किराए पर लेकर कबाड़ का कारोबार संचालित किया है। पुलिस पूरे मामले में कारोबार से जुड़े लोगों और वाहनों की खरीद-बिक्री के दस्तावेजों की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *