ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, मासिक वेतन पर सट्टा चलाने वाले 02 आरोपी गिरफ्तार, ₹4.93 लाख नगद सहित लाखों की सामग्री जब्त

चौकी स्मृतिनगर एवं ACCU की संयुक्त पुलिस टीम ने रूंगटा कॉलेज के पीछे राजा गार्डन स्थित मकान में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित होने की सूचना पर दबिश देकर 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया
आरोपियों द्वारा WINBUZZ ऐप के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन किया जा रहा था तथा दोनों आरोपी मासिक वेतन पर सट्टा संचालन का कार्य करते थे
दुर्ग । पुलिस द्वारा जुआ एवं ऑनलाइन सट्टा के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला एवं ACCU की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में ₹4.93 लाख नगद सहित बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं बैंकिंग दस्तावेज जब्त किए गए हैं। प्रकरण में मुख्य आरोपी एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश की जा रही है।
दरअसल चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि रूंगटा कॉलेज के पीछे, जी-9 टावर के पास राजा गार्डन स्थित देवेंद्र कुमार साहू के मकान में कुछ व्यक्तियों द्वारा WINBUZZ ऐप के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा गवाहों की उपस्थिति में बताए गए स्थान पर दबिश देकर घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर मौके पर मौजूद कुछ संदिग्ध व्यक्तियों ने भागने का प्रयास किया, जिन्हें पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर पकड़ा गया। मौके से दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ एवं मौके पर की गई कार्रवाई के दौरान ऑनलाइन सट्टा संचालन में उपयोग किए जा रहे लैपटॉप, मोबाइल फोन, बैंकिंग दस्तावेज एवं नगदी रकम बरामद की गई। आरोपियों से प्राप्त जानकारी एवं जब्त सामग्री के आधार पर गिरोह के मुख्य संचालक देवेंद्र कुमार साहू तथा अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में विवेचना की जा रही है।
प्रकरण में गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2), 317(4), 61(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दिनांक 02.11.2026 को गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण में अग्रिम विवेचना जारी है।
मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका)
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी देवेंद्र कुमार साहू अपने साथियों के साथ मिलकर WINBUZZ ऐप के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करता था। इस कार्य के लिए लैपटॉप, मोबाइल फोन, सिम कार्ड तथा विभिन्न व्यक्तियों के बैंक खाते एवं एटीएम कार्ड का उपयोग किया जाता था। गिरफ्तार दोनों आरोपी मासिक वेतन के आधार पर सट्टा संचालन का कार्य करते थे। जांच में यह भी जानकारी सामने आई कि कथित रूप से कुछ खाताधारकों की जानकारी के बिना उनके बैंक खातों का उपयोग सट्टे के अवैध लेन-देन में किया जा रहा था। इस संबंध में विस्तृत जांच जारी है।
घटना स्थल
रूंगटा कॉलेज के पीछे, जी-9 टावर के पास, राजा गार्डन स्थित मकान, थाना सुपेला क्षेत्र, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़)।
आरोपी का नाम
* प्रकाश हरिनखेड़े, उम्र 23 वर्ष, निवासी अर्जुन नगर, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग।
* डिकेश प्रसाद तिवारी, उम्र 22 वर्ष, निवासी अर्जुन नगर, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग।
जप्त सामग्री
* नगदी रकम ₹4,93,000।
* 03 लैपटॉप एवं 01 आईपैड।
* विभिन्न कंपनियों के 18 स्मार्ट मोबाइल फोन।
* 01 एयरटेल वाई-फाई डिवाइस।
* विभिन्न बैंकों के 22 एटीएम कार्ड।
* विभिन्न बैंकों की 10 पासबुक।
* 04 एयरटेल बैंक QR कोड स्कैनर।
* 04 होंडा एक्टिवा स्कूटर।
* अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज।
सराहनीय कार्य
उक्त कार्रवाई में ACCU (एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट) दुर्ग तथा चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा, जुआ एवं अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहें। किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक, सिम कार्ड अथवा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी उपलब्ध न कराएं। अनजान व्यक्तियों को बैंक खाता किराये पर देना अथवा उनके माध्यम से संदिग्ध लेन-देन कराना कानूनी परेशानी का कारण बन सकता है। ऑनलाइन सट्टा या संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।




