
जल बचाएं थीम पर स्टेशनों में जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से दिया गया जल संरक्षण का संदेश

पानी का सदुपयोग करने के लिए रेलकर्मियों, सफाई मित्रों एवं यात्रियों को किया गया प्रेरित
बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा ऊर्जा के विवेकपूर्ण उपयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भारतीय रेलवे द्वारा 01 से 07 नवम्बर 2026 तक आयोजित ‘ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह’ के अंतर्गत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल में ‘मिशन लाइफ’ के तहत सप्ताह के दौरान विभिन्न जागरूकता एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में ‘जल बचाएं’ थीम के अंतर्गत बिलासपुर मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों पर जल संरक्षण के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके तहत रेलवे कर्मचारियों, सफाई मित्रों एवं यात्रियों को जल की अनावश्यक खपत रोकने तथा जल का विवेकपूर्ण ढंग से उपयोग करने के लिए प्रेरित गया।
मंडल के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर वाणिज्य विभाग व चिकित्सा विभाग के पर्यवेक्षकों द्वारा कर्मचारियों तथा सफाई मित्रों को संयुक्त रूप से जल संरक्षण एवं जल के सदुपयोग की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही रेलवे स्टेशनों के आसपास एवं परिसर में स्थित वाटर बूथ, ट्यूबवेल तथा अन्य जल स्रोतों का निरीक्षण किया गया और उनकी नियमित साफ-सफाई एवं स्वच्छता सुनिश्चित की गई। रेलवे कॉलोनियों में जलापूर्ति के लिए स्थापित फिल्टर हाउस एवं वाटर स्टोरेज टैंकों का भी निरीक्षण किया गया। साथ ही, जल की गुणवत्ता का परीक्षण करने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों से जल के नमूने एकत्रित किए गए।
जागरूकता गतिविधियों के अंतर्गत पोस्टर, बैनर, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड में प्रदर्शित जागरूकता संदेशों एवं उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से स्टेशनों में कर्मचारियों एवं यात्रियों को जल संरक्षण, पानी की बर्बादी रोकने तथा जल स्रोतों को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक किया गया साथ ही उन्हें जल की बचत करने तथा पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रति जागरूक किया गया ।






