
संपत्ति विवाद से नाराज बेटे ने पिता को जिंदा जलाने की कोशिश की

कलयुगी बेटे की हैवानियत,पिता को पहले पीटा,फिर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया
पिता की हालत गंभीर,इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती
बिलासपुर ।बुजुर्ग पिता ने देखभाल करने वाली बेटी को अपनी जमीन,जायदाद और अन्य संपत्ति को देने की बात बेटे से कही,जिससे बेटा नाराज हो गया और नाराज होकर रोज किसी न किसी बात पर अपने से झगड़ा करने लगा।इसके बाद आक्रोशित होकर नशे में धुत्त होकर घर पहुंचे बेटे ने पहले बुजुर्ग पिता को लोहे के रॉड से पिटाई की फिर पेट्रोल डालकर आग लगा दिया। हादसे में बुजुर्ग पिता गंभीर रूप से झुलस गया है।
दरअसल सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम सेलर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बेटे ने अपने ही 76 वर्षीय पिता के साथ पहले लोहे के हथियार से बेरहमी से मारपीट की और फिर उनके ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता को उसी हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से झुलसे बुजुर्ग को उनकी बेटी ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उपचार जारी है।
सीपत पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सेलर निवासी विश्राम केंवट 76 वर्ष अपने घर में अकेले रहते हैं। उम्र अधिक होने के कारण उन्हें देखभाल और खेती-बाड़ी के काम में परेशानी होती थी। इसी वजह से उन्होंने अपनी बेटी और उसके परिवार को अपने साथ रहने के लिए रखा था, ताकि उनकी देखभाल के साथ खेती-किसानी का काम भी संभाला जा सके। बुधवार को उनका बेटा आशाराम केंवट शराब के नशे में धुत्त होकर ग्राम बरेली सीपत सेलर पहुंचा। आरोप है कि वह अपने साथ लोहे का हथियार और पेट्रोल लेकर आया था। फिर से उसने पुरानी जमीन जायदाद और संपत्ति को लेकर पिता के साथ विवाद किया और लोहे के हथियार से उन पर हमला कर दिया। इसके बाद उसने पेट्रोल निकालकर पिता के शरीर पर छिड़का और आग लगा दी। आग की लपटों में घिरे बुजुर्ग को तड़पता छोड़कर आरोपी बेटा वहां से भाग निकला।घटना के दौरान विश्राम केंवट की बेटी दुरपति बाई ने अपने पिता को आग की चपेट में देखा। उसने बिना देर किए एंबुलेंस की मदद ली और गंभीर रूप से झुलसे पिता को सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। बुजुर्ग पिता पर इस तरह जानलेवा हमला किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।फिलहाल आरोपी बेटे के खिलाफ अपराध कायम कर लिया गया है।
मौके का उठाया था फायदा,घर पर नहीं था कोई
आरोपी अपने पिता को मारने के लिए पेट्रोल को अपनी गाड़ी से निकाला और बोतल में भरकर पिता के ऊपर छिड़क दिया,उसके बाद माचिस से आग लगा दिया।आग लगने की वजह से पिता की आवाज पहुंची तो काम करके घर लौट रही बेटी ने आवाज सुनकर तत्काल पहुंची और अपने पिता को पड़ोसियों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंची।






