
बीयर से लेकर ब्लेंडर्स प्राइड तक का अवैध स्टॉक,कोतवाली पुलिस की दबिश में खुला कारोबार,ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली पुलिस की दबिश

देशी-विदेशी शराब और बिक्री के 1600 रुपये जब्त
बिलासपुर। अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने टिकरापारा के खटिक मोहल्ला में दबिश देकर अवैध शराब बिक्री का मामला पकड़ा है। पुलिस ने मौके से संतोष खटिक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से देशी और विदेशी शराब की कुल 34.240 बल्क लीटर मात्रा बरामद हुई है। इसके अलावा बिक्री के रुपये भी बरामद किए गए हैं।
सिटी कोतवाली पुलिस के अनुसार, मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि टिकरापारा के खटिक मोहल्ला में एक व्यक्ति अवैध रूप से देशी और विदेशी शराब रखकर बेच रहा है। सूचना के बाद सिटी कोतवाली पुलिस की टीम ने गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी। यहां संतोष खटिक को निवासी खटिक मोहल्ला से शराब बेचते पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से अलग-अलग ब्रांड की शराब बरामद हुई।
जब्त शराब में 40 बोतल सिम्बा बीयर26 बल्क 24 पाव देशी प्लेन शराब4.300 बल्क ब्लेंडर्स प्राइड के छह पाव1.800 बल्क और अंग्रेजी व्हिस्की के 11 पाव2.140 बल्क शामिल हैं। पुलिस ने शराब बिक्री से मिली नगदी भी जब्त की है।
आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेशी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।यह कार्रवाई एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक तोप सिंह नवरंग की अगुवाई में की गई। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
कई बार पकड़ा चुका है अवैध शराब कारोबारी
पुलिस ने बताया कि अवैध शराब का जखीरा रखने वाला आरोपी संतोष खटीक एक बार नहीं बल्कि कई बार गिरफ्तार हो चुका है।जिसके पास से अवैध शराब बरामद होता है।जो शराब दुकान बंद होने के बाद मोहल्ले में ज्यादा कीमत में शराब बेचने का काम करता है।यही कारण है कि वह अवैध शराब को दुकानों से खरीदकर अधिक कीमत में बेचने का कारोबार करता है।






