
म

धान खरीदी की तारीख तय, लेकिन व्यवस्था बेपटरी होने का खतरा,किसानों की चिंता बढ़ी,कागजों में तैयारी, जमीन पर चुनौती,पटवारी हड़ताल के बीच कैसे होगी धान खरीदी
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होने जा रही है, लेकिन खरीदी की तारीख नजदीक आते ही बिलासपुर में तैयारियों से ज्यादा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। एक ओर जिला प्रशासन अवैध धान संग्रहण और बिचौलियों पर कार्रवाई कर रहा है, वहीं दूसरी ओर 13 अक्टूबर से जारी पटवारियों की हड़ताल ने राजस्व व्यवस्था की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। धान खरीदी के लिए रकबा सत्यापन, गिरदावरी, राजस्व न्यायालयों के प्रकरण और निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों के बीच तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों के सामने कामकाज संभालने की चुनौती है। ऐसे में सवाल यह है कि जब खरीदी शुरू होगी, तब किसानों की समस्याओं का निराकरण और खरीदी से जुड़ी तमाम औपचारिकताएं समय पर कैसे पूरी होंगी।जिले में धान खरीदी के लिए उपार्जन केंद्र निर्धारित किए गए हैं। प्रशासन ने 10 नवंबर से टोकन जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, लेकिन पहले दिन की स्थिति उत्साहजनक नहीं रही। जिले के टोकन जारी किए गए। इतनी बड़ी व्यवस्था के मुकाबले शुरुआती टोकन संख्या और प्रस्तावित खरीदी की मात्रा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। हालांकि यह पहले दिन की स्थिति है, लेकिन खरीदी शुरू होने से पहले किसानों की वास्तविक भागीदारी और व्यवस्थाओं की गति पर नजर बनी हुई है।
पटवारी हड़ताल से सबसे बड़ी चुनौती रकबा सत्यापन की
धान खरीदी की पूरी व्यवस्था में पटवारियों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। खेतों का सत्यापन, गिरदावरी, फसल की स्थिति और राजस्व रिकॉर्ड से संबंधित कामों में पटवारी अहम कड़ी हैं। प्रदेशभर में 13 अक्टूबर से जारी उनकी हड़ताल के कारण यह व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों को सीमित अधीनस्थ अमले के बीच राजस्व न्यायालय, निर्वाचन और धान खरीदी से संबंधित काम भी संभालने पड़ रहे हैं। पटवारी संघ का
कहना है कि पर्याप्त मानव संसाधन और तकनीकी सहयोग दिए बिना समय पर काम पूरा करने का दबाव बनाया जा रहा है। ऐसे में खरीदी के दौरान रकबे से जुड़ी गड़बड़ियों, किसानों के रिकॉर्ड में अंतर और सत्यापन में देरी की स्थिति से इनकार नहीं किया जा सकता।
कम धान बेचने पर भी पूरी सहायता, लेकिन पात्रता की शर्तें अहम
इसी बीच शासन ने कृषक उन्नति योजना के नए दिशा-निर्देश जारी कर किसानों को राहत देने का दावा किया है। खरीफ वर्ष 2026-27 में पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये आदान सहायता मिलेगी। खास बात यह है कि निर्धारित अधिकतम सीमा 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने पर भी सत्यापित बोए गए पूरे रकबे के आधार पर सहायता दी जाएगी। यानी एक एकड़ में धान बोने वाला किसान यदि केवल 15 क्विंटल धान बेचता है, तब भी उसे पूरी सहायता मिलेगी। लेकिन इसके लिए एग्रीस्टैक पंजीयन और डिजिटल क्रॉप सर्वे के जरिए बोए गए रकबे का सत्यापन अनिवार्य है। डिजिटल सर्वे का आंकड़ा उपलब्ध नहीं होने पर कलेक्टर की अनुमति से गिरदावरी के आधार पर सत्यापन किया जा सकेगा। यहीं पटवारी हड़ताल का असर महत्वपूर्ण हो जाता है। जब खेत और फसल के रकबे का सत्यापन ही चुनौती बना हुआ है, तब किसानों को योजना का लाभ समय पर दिलाना प्रशासन के लिए बड़ी परीक्षा होगी।
गुणवत्ता के कड़े मानक, किसानों को पहले से तैयारी की सलाह
इस बार खरीदी केंद्रों में धान की गुणवत्ता को लेकर भी स्पष्ट मानक निर्धारित किए गए हैं। किसानों को साफ और सूखा धान लाने के निर्देश दिए गए हैं। धान में नमी की अधिकतम सीमा 17 प्रतिशत रखी गई है।अकार्बनिक और कार्बनिक विजातीय पदार्थों की सीमा एक-एक प्रतिशत, अपरिपक्व और सिकुड़े दानों की सीमा तीन प्रतिशत तथा निम्न श्रेणी के धान के मिश्रण की सीमा छह प्रतिशत निर्धारित है। क्षतिग्रस्त, अंकुरित और चुने हुए दाने चार प्रतिशत से अधिक नहीं होने चाहिए। धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी। प्रति बोरा 40 किलोग्राम धान की तौल निर्धारित है। ऐसे में किसानों के सामने धान की सफाई, सुखाई और गुणवत्ता बनाए रखने की जिम्मेदारी भी है।
तैयारियों के दावों के बीच सबसे बड़ा सवाल किसानों की परेशानी का
एक तरफ शासन किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता देने और 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदने की तैयारी में है, दूसरी तरफ खरीदी से ठीक पहले पटवारियों की हड़ताल, सीमित राजस्व अमला, रकबा सत्यापन की अनिवार्यता और शुरुआती टोकन की धीमी रफ्तार जैसी चुनौतियां सामने हैं। प्रशासन अवैध धान पर कार्रवाई कर रहा है, लेकिन असली परीक्षा खरीदी केंद्रों पर होगी, जहां किसान अपनी उपज लेकर पहुंचेंगे। यदि रकबा सत्यापन, टोकन, गुणवत्ता जांच और भुगतान से जुड़ी प्रक्रियाओं में देरी हुई तो इसका सीधा असर किसानों पर पड़ेगा।






