
लकड़ी फोड़ने और आग तापने के विवाद में खूनी संघर्ष, मारपीट में नाबालिग की मौत, चार युवक घायल
बिलासपुर । सरकंडा थाना क्षेत्र के अटल आवास डी ब्लॉक में लकड़ी फोड़ने और आग तापने की बात पर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और दोनों पक्षों के बीच जमकर खूनी संघर्ष हुआ।

इस मारपीट में 17 वर्षीय मयंक ध्रुव गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे पक्ष के चार युवक घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी का इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है।
घटना में अमर उर्फ सुदामा साहू, विकास दास मानिकपुरी, गोपाल सोनी और आर्यन उर्फ बिट्टू मानिकपुरी के नाम सामने आए हैं। सरकंडा पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है।
फिलहाल पुलिस मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका और मयंक की मौत के कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






