
खेत में करंट से महिला की मौत, अवैध बिजली कनेक्शन लगाने वाले पिता-पुत्र गिरफ्तार
बिलासपुर । चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम कनेरी में खेत में फैले करंट की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। खेत की घेराबंदी जीआई तार से की गई थी, जिसमें झटका मशीन के जरिए अवैध रूप से बिजली का करंट प्रवाहित किया जा रहा था।

जानकारी के मुताबिक, 16 और 17 नवंबर की दरमियानी रात महिला ने खेत में लगे तार को छू लिया, जिससे वह करंट की चपेट में आ गई। हादसे में उसकी मौके पर ही जान चली गई।मामले में पुलिस ने खेत मालिक टेकराम सोनी और उसके विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों ने अवैध बिजली कनेक्शन के जरिए तार में करंट प्रवाहित किया था।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और विद्युत अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि मामले में आगे की जांच जारी है।






