
अक्षय नवमी पर भक्ति, परंपरा और नारी शक्ति का संगम — मातृशक्ति परिषद ने किया आंवला वृक्ष पूजन एवं दीपदान.
खैरागढ़ -: समग्र ब्राह्मण मातृशक्ति परिषद्, जिला के.सी.जी. (खैरागढ़-छुईखदान-गंडई) के तत्वावधान में अक्षय नवमी (आंवला नवमी) के पावन पर्व पर बाई साहब मंदिर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मातृशक्ति की बहनों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आंवला वृक्ष का विधिवत पूजन-अर्चन कर दीपदान किया तथा परिवार, समाज की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला अध्यक्ष श्रीमती डाली तिवारी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक परंपराएं हमारी सामाजिक पहचान और संस्कारों की आधारशिला हैं। ऐसे आयोजन महिलाओं को एक-दूसरे से जोड़ने, पारिवारिक एवं सामाजिक मूल्यों को सुदृढ़ करने तथा संगठन में सक्रिय सहभागिता बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
जिला सचिव श्रीमती स्वाति शर्मा ने उपस्थित बहनों को कुमकुम-तिलक एवं श्रृंगार प्रसाधन सामग्री भेंटकर सम्मानित किया। वहीं जिला संगठन विस्तार प्रमुख श्रीमती शैला त्रिपाठी ने कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए सभी बहनों का अभिवादन किया तथा आयोजन की सराहना की।
सभी बहनों की सक्रिय भागीदारी से आयोजन का वातावरण भक्तिमय, आत्मीय एवं उत्साहपूर्ण बना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से मातृशक्ति परिषद ने भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था, महिला सम्मान एवं संगठनात्मक एकजुटता का प्रेरणादायी संदेश दिया। आयोजन का समापन परस्पर स्नेह, सहयोग और सामाजिक समरसता की भावना के साथ हुआ।
कार्यक्रम में श्रीमती मीना तिवारी, श्रीमती गायत्री तिवारी, श्रीमती अर्चना दुबे, श्रीमती शैला त्रिपाठी, श्रीमती विमला शर्मा, श्रीमती श्यामा तिवारी, श्रीमती सीमा दुबे, श्रीमती सरोज शर्मा, श्रीमती काजल तिवारी, श्रीमती सविता तिवारी, श्रीमती राखी, श्रीमती शोभा, श्रीमती सावित्री एवं श्रीमती माया सहित नगर की अनेक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।






