मारपीट के मामले में युवक पर गलत एफआईआर का आरोप,सैलून के सीसीटीवी फुटेज से बेकसूर साबित करने की मांग,एसपी ऑफिस पहुंचा पीड़ित

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में मारपीट का एक अजीबो-गरीब मामला सामने आय। है, जहां एक युवक ने पुलिस पर बिना किसी ठोस सबूत के गलत तरीके से एफआईआर में उसका नाम शामिल करने का आरोप लगाया है। पीड़ित युवक ने न्याय की गुहार लगाते हुए एसपी कार्यालय का दरवाजा खटखटाया है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
चिंगराजपारा निवासी 25 वर्षीय कैलाश सारथी का दावा है कि बीते 27 अगस्त 2026 को प्रभात चौक, चिगराजपारा के पास दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष और मारपीट की घटना हुई थी। कैलाश का कहना है कि जिस वक्त यह घटना घटी, वह घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर एक सैलून में बाल कटवा रहा था। इस घटना के संबंध में सरकंडा पुलिस ने अपराध दर्ज किया, जिसमें कैलाश का नाम भी आरोपियों की सूची में जोड़ दिया गया।
कैलाश सारथी का आरोप है कि आपसी रंजिश के चलते उसे इस झूठे मामले में फंसाया गया है। उसके पास घटना के समय के सैलून के सीसीटीवी फुटेज भी सुरक्षित हैं, जो उसकी बेगुनाही का सबसे बड़ा सबूत हैं। युवक को इस मामले की भनक तब लगी जब पुलिस उसकी तलाश में उसके घर पहुंची।
घर पर पुलिस के पहुंचने के बाद ही उसे अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर की जानकारी मिली। इसके बाद से ही वह खुद को निर्दोष साबित करने के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहा है।
अपनी बेगुनाही के सबूत लेकर कैलाश सारथी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। उसने पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और एफआईआर से अपना नाम तत्काल हटाने की मांग की है।
अब यह देखना बेहद दिलचस्प होगा कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय इस मामले में क्या संज्ञान लेता है और सीसीटीवी फुटेज की तकनीकी जांच के बाद पुलिस अपनी गलती सुधारती है या नहीं। फिलहाल, पीड़ित युवक ने न्याय मिलने की उम्मीद के साथ अधिकारियों से गुहार लगाई है।






