कॉस्मेटिक दुकानों से होटल-डोसा सेंटर तक छापेमारी, तीन प्रतिष्ठान बंद,तेलीपारा की चार दुकानों में प्रतिबंधित पाकिस्तानी क्रीम की तलाश,नहीं मिली

खाद्य प्रतिष्ठानों में रंगीन भुने चने नष्ट कराए
बिना पंजीयन चल रहे तीन होटल-डोसा सेंटर पर कार्रवाई
बिलासपुर। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शहर में कॉस्मेटिक दुकानों से लेकर होटल और खाद्य प्रतिष्ठानों तक जांच अभियान चलाया। तेलीपारा की चार कॉस्मेटिक दुकानों में प्रतिबंधित पाकिस्तानी गोरी फेयरनेस और चांदनी व्हाइटनिंग क्रीम की तलाश की गई, लेकिन किसी भी दुकान में ये उत्पाद नहीं मिले। वहीं, खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान बिना वैध खाद्य पंजीयन के संचालित तीन होटल और डोसा सेंटर बंद करा दिए गए। एक दुकान से खाद्य पदार्थ का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया, जबकि अमानक और रंगीन भुने चने मौके पर ही नष्ट कराए गए।
चार कॉस्मेटिक दुकानों में प्रतिबंधित क्रीम की तलाश
सहायक औषधि नियंत्रक भीष्मदेव कंवर के नेतृत्व में औषधि प्रशासन की टीम ने तेलीपारा स्थित मेसर्स आयान इंटरप्राइजेस, अंकित ट्रेडर्स, श्री गुरुनानक जनरल स्टोर और शारदा कॉम्प्लेक्स स्थित आरएस कॉस्मेटिक में जांच की। इस दौरान प्रतिबंधित पाकिस्तानी गोरी फेयरनेस और चांदनी व्हाइटनिंग क्रीम के साथ नकली कॉस्मेटिक उत्पादों तथा बिना लाइसेंस रखी दवाइयों की भी पड़ताल की गई। हालांकि, किसी भी दुकान में प्रतिबंधित क्रीम नहीं मिली। अधिकारियों ने दुकानदारों को प्रतिबंधित उत्पादों की खरीद-बिक्री नहीं करने की हिदायत दी।जांच दल में औषधि निरीक्षक आशीष पाण्डेय, कामेश्वरी पटेल, सोनम जैन और अश्वनी कुमार शामिल थे।
बिना पंजीयन के चल रहे तीन प्रतिष्ठान बंद
दूसरी तरफ कलेक्टर के निर्देश पर ‘सुरक्षित आहार हमर अधिकार’ अभियान के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शहर के आठ खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान बिना वैध खाद्य पंजीयन के संचालित बिलासपुर डोसा, श्रीराम डोसा सेंटर और पुराना बस स्टैंड स्थित न्यू गुप्ता होटल को बंद करा दिया गया।जांच के दौरान एक प्रतिष्ठान से भीगे खैरी चने का विधिक नमूना लेकर प्रयोगशाला भेजा गया। वहीं, अमानक और रंगीन भुने चने मौके पर ही नष्ट कराए गए। नियमों का उल्लंघन करने वाले तीन अन्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ सुधार सूचना जारी करने की अनुशंसा अभिहित अधिकारी से की गई है।
साफ-सफाई और मेडिकल फिटनेस के निर्देश
खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रफुल्ल द्विवेदी ने आहाते से भीगे खैरी चने का नमूना लिया। टीम ने खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई रखने, कर्मचारियों का मेडिकल फिटनेस कराने और नियमित पेस्ट कंट्रोल कराने के निर्देश दिए। खाद्य सामग्री तैयार करने और परोसने वाले कर्मचारियों को एप्रन और हेड कैप पहनने के लिए भी कहा गया।






