
साइबर ठगी के 25 से ज्यादा तरीके, प्रदेश में रायपुर के बाद बिलासपुर दूसरे स्थान पर,ट्रेडिंग-गेमिंग के लालच में युवा गंवा चुके 4 करोड़

डिजिटल अरेस्ट और फर्जी अफसरों के डर से बुजुर्गों से डेढ़ करोड़ की ठगी
तीन साल में बिलासपुर के 8,775 लोग हुए शिकार
बिलासपुर। साइबर ठग अब सिर्फ ओटीपी और बैंकिंग जानकारी हासिल करके लोगों को निशाना नहीं बना रहे, बल्कि डर, लालच और जल्दबाजी को हथियार बनाकर 25 से ज्यादा तरीकों से ठगी कर रहे हैं। ट्रेडिंग और गेमिंग में मोटे मुनाफे का लालच देकर युवाओं को फंसाया जा रहा है तो दूसरी ओर डिजिटल अरेस्ट और फर्जी सरकारी अधिकारियों का डर दिखाकर बुजुर्गों की जीवनभर की जमा पूंजी लूटी जा रही है। साइबर अपराध के मामलों में छत्तीसगढ़ में रायपुर के बाद बिलासपुर दूसरे स्थान पर है।
आंकड़ों के मुताबिक, 20 से 30 वर्ष के युवा ट्रेडिंग, गेमिंग और पार्ट टाइम जॉब के नाम पर ठगों के निशाने पर हैं। पिछले तीन वर्षों में इस तरह के मामलों में युवाओं के करीब 4 करोड़ रुपए डूबने की जानकारी सामने आई है। वहीं, बुजुर्ग और मध्यम आयु वर्ग के लोग कुल पीड़ितों में करीब 35 प्रतिशत हैं, लेकिन ठगी की कुल रकम में उनकी हिस्सेदारी 50 प्रतिशत से अधिक बताई गई है। डिजिटल अरेस्ट और फर्जी अफसर बनकर डराने वाले ठगों ने रिटायर्ड प्रोफेसरों और अधिकारियों से करीब डेढ़ करोड़ रुपए वसूले हैं।
तीन साल में 8,775 लोगों से 5.66 करोड़ की ठगी
बिलासपुर में वर्ष 2024 से जुलाई 2026 तक साइबर ठगी के 8,775 मामले सामने आए। इनमें लोगों को कुल 5 करोड़ 66 लाख रुपए का नुकसान हुआ। पुलिस के प्रयास से 1,197 पीड़ितों को 2.78 करोड़ रुपए वापस दिलाए गए। वहीं, शेष 7,578 पीड़ितों में से करीब 20 प्रतिशत मामलों में ठगी की रकम देश के अलग-अलग बैंक खातों में होल्ड कराई गई है।बिलासपुर रेंज में हर साल साइबर हेल्पलाइन और पोर्टल पर 4,000 से 5,500 से अधिक शिकायतें पहुंचती हैं। इनमें करीब 30 प्रतिशत मामलों में रकम होल्ड कराने में सफलता मिल रही है। वर्ष 2021 से 2026 के बीच साइबर फ्रॉड की शिकायतों के मामले में बिलासपुर प्रदेश में रायपुर के बाद दूसरे स्थान पर रहा।
प्रदेश में 107 करोड़ से ज्यादा की ठगी
जनवरी 2024 से जून 2025 के बीच छत्तीसगढ़ में साइबर अपराध के 1,301 मामले दर्ज हुए। इनमें 107 करोड़ रुपए से अधिक की ठगी हुई। वहीं, एनसीआरबी पोर्टल पर वर्ष 2023 से जून 2025 तक प्रदेश के नागरिकों की 67,389 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें 791 करोड़ रुपए से अधिक के नुकसान की जानकारी सामने आई।
इन तरीकों से सबसे ज्यादा ठगी
साइबर ठगी के बदलते तरीकों में ट्रेडिंग और इन्वेस्टमेंट फ्रॉड सबसे आगे है। करीब 35 प्रतिशत मामलों में लोग मुनाफे के लालच में फंस रहे हैं। इसके बाद एपीके फाइल और संदिग्ध लिंक के जरिए मोबाइल तक पहुंच बनाकर बैंक खाते खाली करने के मामले हैं, जिनकी हिस्सेदारी करीब 20 प्रतिशत बताई गई है।
डिजिटल अरेस्ट के मामलों की संख्या करीब 10 से 15 प्रतिशत है, लेकिन इनमें ठगी की रकम काफी बड़ी होती है। इसके अलावा ओटीपी, यूपीआई, फर्जी लोन एप, गेमिंग, टास्क फ्रॉड और केवाईसी अपडेट के नाम पर भी लोगों को निशाना बनाया जा रहा है।
25 साल में बदल गए साइबर ठगी के तरीके
वर्ष 2000 से 2007 के बीच ईमेल लॉटरी, नाइजीरियन स्कैम, वायरस और कंप्यूटर हैकिंग के मामले सामने आते थे। 2008 से 2015 के दौरान सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल, क्रेडिट-डेबिट कार्ड क्लोनिंग और फिशिंग ईमेल का चलन बढ़ा। 2016 से 2019 के बीच यूपीआई फ्रॉड, क्यूआर कोड स्कैम, फर्जी कस्टमर केयर नंबर और ओटीपी ठगी सामने आई। कोविड के बाद 2020 से 2025 के बीच वर्क फ्रॉम होम, टास्क फ्रॉड, इंस्टेंट लोन एप, सेक्सटॉर्शन, डिजिटल अरेस्ट, क्रिप्टो स्कैम और एआई डीपफेक वॉयस क्लोनिंग जैसे नए तरीके सामने आए।
ठगी होते ही 1930 पर करें कॉल
डीएसपी क्राइम एसीसीयू सुदीप सरकार के मुताबिक, किसी भी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, यूपीआई पिन, सीवीवी या पासवर्ड नहीं बताना चाहिए। अनजान लिंक और एपीके फाइल डाउनलोड करने से बचना चाहिए। यदि साइबर ठगी का शिकार हो जाएं तो तत्काल 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं। जितनी जल्दी शिकायत होगी, ठगी की रकम को संबंधित बैंक खातों में होल्ड कराने की संभावना उतनी अधिक रहेगी।






