
जाग गए भगवान विष्णु, गन्ने के मंडप में विराजे भगवान विष्णु,तुलसी विवाह के साथ शुरू हुआ शादी का सीजन

तिथि के फेर में दो दिन मनी देवउठनी एकादशी
12 दिसंबर तक 16 विवाह मुहूर्त
नवंबर के सभी मैरिज गार्डन बुक
बिलासपुर। कहीं शंख-घंटे और ढोल-मंजीरों से भगवान विष्णु को जगाया गया तो कहीं गन्ने का मंडप सजाकर तुलसी विवाह कराया गया। मंदिरों से लेकर घरों तक दीपदान, पूजा-अर्चना और रंगोली के बीच देवउठनी एकादशी मनाई गई। तिथि को लेकर इस बार शहर में दो दिन पर्व मनाया जा रहा है। शुक्रवार 20 नवंबर को व्यंकटेश मंदिर और सदर बाजार स्थित लक्ष्मी मंदिर में विशेष पूजा और तुलसी विवाह के आयोजन हुए। वहीं, अधिकांश मंदिरों और घरों में शनिवार को उत्सव मनाया जा रहा है।
लक्ष्मी मंदिर में भगवान विष्णु की प्रतिमा को गन्ने से बने मंडप में विराजमान कर धूप, दीप, फूल, चंदन और फल अर्पित किए गए। श्रद्धालुओं ने शंख-घंटे बजाकर भगवान को जगाया और सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा में सिंघाड़ा, आंवला, बेर, मूली, सीताफल, अमरूद सहित मौसमी फल-सब्जियों और मिष्ठान का भोग लगाया गया। अन्नकूट का प्रसाद भी अर्पित किया गया।
12 दिसंबर तक 16 विवाह मुहूर्त, नवंबर की सभी बुकिंग फुल
देवउठनी एकादशी के साथ ही विवाह का सीजन शुरू हो गया है। 20 नवंबर से 12 दिसंबर के बीच 16 विवाह मुहूर्त हैं। इसके बाद 15 दिसंबर से खरमास शुरू होने पर करीब एक महीने तक शादियों पर विराम रहेगा। नए साल में 18 जनवरी से विवाह मुहूर्त फिर शुरू होंगे।
छत्तीसगढ़ टेंट एवं मैरिज गार्डन ऑनर एसोसिएशन के अध्यक्ष के मुताबिक, शहर के 50 से अधिक छोटे-बड़े मैरिज गार्डन और शादी हॉल नवंबर के सभी विवाह मुहूर्तों के लिए बुक हो चुके हैं।
शादी का बजट 20% बढ़ा, सोने-चांदी ने बढ़ाई चिंता
शादी के आयोजनों का खर्च इस साल 15 से 20 फीसदी तक बढ़ गया है। रिसॉर्ट और मैरिज गार्डन के किराए से लेकर अन्य व्यवस्थाओं तक महंगाई का असर दिख रहा है। शहर में सबसे ज्यादा बुकिंग 7 से 15 लाख रुपए के बजट में हो रही है, जबकि करीब 10 फीसदी शादियों का बजट 20 से 25 लाख रुपए से अधिक है।
सोने चांदी के भाव आसमान पर
सोने-चांदी की कीमतों में भी दो साल में भारी उछाल आया है। 20 नवंबर 2024 को 24 कैरेट सोना 78,450 रुपए प्रति 10 ग्राम था, जो नवंबर 2026 में बढ़कर 1,34,800 रुपए हो गया। इसी तरह 22 कैरेट सोना 72,960 से बढ़कर 1,24,000 रुपए और चांदी 93 हजार से बढ़कर 1.67 लाख रुपए प्रति किलो पहुंच गई है। इससे शादी की खरीदारी और आयोजन दोनों का बजट प्रभावित हो रहा है।






