राउत नाच महोत्सव के सूत्रधार डॉ. कालीचरण यादव का निधनं,लोक संस्कृति जगत में शोक की लहर

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और बिलासपुर के विश्वप्रसिद्ध ‘राउत नाच महोत्सव’ को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने वाले प्रमुख सूत्रधार डॉ. कालीचरण यादव के निधन पर समाज और संस्कृति जगत ने गहरा शोक व्यक्त किया है। युवा काल में रावत नृत्य महोत्सव से जुड़े रहे डॉ. सोमनाथ यादव ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए महोत्सव की स्थापना में उनके ऐतिहासिक योगदान को स्मरण किया।
विवादों को थामने 49 साल पहले रखी थी नींव
डॉ. सोमनाथ यादव ने बताया कि आज जिस भव्य ‘राउत नाच महोत्सव’ की गूंज देश-विदेश तक सुनाई देती है, उसकी नींव आज से ठीक 49 साल पहले आपसी विवादों और जनहानि को रोकने के उद्देश्य से रखी गई थी। करीब पाँच दशक पहले एकादशी के बाद आने वाले शनिवार को शनिचरी बाजार में पारंपरिक ‘राउत बाजार’ भरता था। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से रावत नाच के दल गढ़वा बाजा की धुन पर नाचते-गाते शहर आते थे और हटरी चौक स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद बाजार का भ्रमण करते थे। हालांकि, उस दौर में दलों के बीच पुरानी रंजिश और आगे निकलने की होड़ अक्सर हिंसक झड़पों का रूप ले लेती थी, जिससे हर साल भारी जनहानि होती थी।
सिटी कोतवाली से शुरू हुआ भव्य महोत्सव का सफर
इस बढ़ती हिंसा को रोकने के लिए समाज के वरिष्ठों ने एक ऐतिहासिक पहल की। पूर्व मंत्री स्वर्गीय बी.आर. यादव के संरक्षण तथा डॉ. कालीचरण यादव और समाज के अन्य पदाधिकारियों के नेतृत्व में ‘नवयुवक यादव समाज’ के बैनर तले पहला संगठित राउत बाजार आयोजित किया गया। सुरक्षा और व्यवस्था के मद्देनजर इसका पहला आयोजन सिटी कोतवाली परिसर में हुआ, जहाँ से इस पारंपरिक आयोजन ने एक भव्य महोत्सव का रूप लेना शुरू किया।
लाल बहादुर शास्त्री मैदान बना मुख्य पहचान
आयोजन को स्थायी रूप देने के लिए ‘राउत नाच महोत्सव समिति’ का गठन किया गया। स्वर्गीय बी.आर. यादव के संरक्षण और डॉ. कालीचरण यादव के संयोजन में इसे एक अनुशासित प्रतियोगिता का स्वरूप दिया गया, जिससे हिंसक प्रतिद्वंद्विता समाप्त होकर स्वस्थ कलात्मक प्रतिस्पर्धा में बदल गई। बाद में यह आयोजन लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में होने लगा, जो आज इसकी मुख्य पहचान बन चुका है। महोत्सव के 10 वर्ष पूरे होने पर समिति द्वारा ‘मड़ई’ नामक विशेष स्मारिका का प्रकाशन भी किया गया था।
साल भर महोत्सव के लिए समर्पित रहते थे डॉ. कालीचरण यादव
अपने शिक्षकीय कार्य के बाद साल भर इस महोत्सव को सार्थक और शांतिपूर्ण बनाने के लिए जुटे रहते थे। उनकी अथक लगन और परिश्रम का ही नतीजा है कि बिलासपुर का राउत नाच महोत्सव आज प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश में प्रसिद्ध है।




