झटका मशीन की आड़ में खेतों में करंट, बिजली विभाग ने दिए जांच के आदेश

खंभों और ट्रांसफार्मरों से सीधे हुकिंग कर जीआई तार में प्रवाहित कर रहे बिजली
कनेरी में 13 साल की बच्ची की हो चुकी है मौत
बिलासपुर। फसल को जंगली जानवरों से बचाने के नाम पर खेतों के चारों ओर लगाई जा रही तारों की बाड़ अब ग्रामीणों और मवेशियों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। कुछ लोग झटका मशीन लगाने के बजाय बिजली खंभों और ट्रांसफार्मरों से सीधे हुकिंग कर जीआई तार में करंट प्रवाहित कर रहे हैं। सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर खेतों के चारों ओर इस तरह करंट फैलाने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
दरअसल बिलासपुर के अलावा मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और कोरबा के ग्रामीण क्षेत्रों में भी इस तरह के मामले सामने आने की जानकारी के बाद बिजली विभाग ने जांच शुरू कर दी है। ईडी एके अम्बस्थ ने मामले में संज्ञान लेते हुए संभाग के सभी कार्यपालन अभियंताओं सहायक अभियंताओं और कनिष्ठ अभियंताओं को जांच के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों और लाइनों से अवैध हुकिंग कर खेतों की बाड़ में सीधे करंट प्रवाहित करने वाले कनेक्शनों की तलाश करने कहा गया है।
कनेरी में 13 साल की बच्ची की मौत के बाद सख्ती
इस लापरवाही का गंभीर मामला बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के चकरभाठा थाना अंतर्गत ग्राम कनेरी में सामने आ चुका है। यहां एक प्लॉट में लगाए गए जीआई तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से 13 साल की बच्ची की मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
यह घटना बता चुकी है कि खेतों में अवैध तरीके से करंट प्रवाहित करना केवल बिजली चोरी का मामला नहीं है, बल्कि इससे किसी की जान भी जा सकती है। इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की व्यवस्था अपनाई जा रही है।
बिजली विभाग की टीम करेगी जांच
विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बिजली लाइनों और ट्रांसफार्मरों से होने वाली अवैध हुकिंग की जांच करें। खेतों की बाड़ में सीधे बिजली प्रवाहित करने वालों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
वर्जन
मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं। झटका मशीन के नाम पर बिजली लाइन से सीधे हुकिंग कर खेतों में करंट फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एके अम्बस्थ, ईडी, बिजली विभाग, बिलासपुर



