अमेरिका-इंग्लैंड से लेकर कनाडा तक के 3 हजार डॉक्टर लौटेंगे सिम्स, 25 साल की यादें होंगी ताजा

21 से 25 दिसंबर तक रजत जयंती समारोह; पुराने क्लासरूम में परिवार के साथ पहुंचेंगे पूर्व विद्यार्थी
गुरुजनों का करेंगे सम्मान
बिलासपुर। कभी इसी कॉलेज के क्लासरूम में बैठकर डॉक्टर बनने का सपना देखा था। यहीं चिकित्सा की बारीकियां सीखीं, दोस्तों के साथ भविष्य के सपने बुने और गुरुजनों से मरीजों की सेवा का संस्कार पाया। अब 25 साल बाद जब ये डॉक्टर अपने पुराने संस्थान लौटेंगे तो उनके साथ परिवार भी होगा। कोई अमेरिका से आएगा तो कोई इंग्लैंड, नीदरलैंड और कनाडा से। मौका होगा छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान की रजत जयंती का, जहां देश-विदेश में चिकित्सा सेवाएं दे रहे करीब 3 हजार पूर्व विद्यार्थी जुटेंगे।
सिम्स में 21 से 25 दिसंबर तक रजत जयंती समारोह का आयोजन किया जाएगा। 25 वर्षों में संस्थान से पढ़कर निकले डॉक्टर देश के विभिन्न राज्यों के अलावा विदेशों में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इनमें कई डॉक्टर अमेरिका, इंग्लैंड, नीदरलैंड और कनाडा में चिकित्सा के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। कुछ पूर्व विद्यार्थियों ने अपने अस्पताल और बड़े नर्सिंग होम भी स्थापित किए हैं। रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के अलग-अलग शहरों में भी सिम्स के पूर्व छात्रों के समूह सक्रिय हैं। इस तरह संस्थान से निकले डॉक्टरों का नेटवर्क अब देश की सीमाओं से बाहर तक पहुंच चुका है।
परिवार को दिखाएंगे अपना पुराना कॉलेज
सिम्स में 20 दिसंबर 2001 को मेडिकल की पढ़ाई शुरू हुई थी। रजत जयंती समारोह कई पूर्व विद्यार्थियों के लिए भावुक और यादगार अवसर होगा। इनमें से कई पहली बार अपने परिवार के साथ कॉलेज पहुंचेंगे। वे पत्नी, बच्चों और परिजनों को उन क्लासरूम, गलियारों और परिसर से परिचित कराएंगे, जहां से उनके डॉक्टर बनने का सफर शुरू हुआ था। पुराने सहपाठियों से मुलाकात होगी तो पढ़ाई के दिनों की यादें भी ताजा होंगी। इस दौरान पूर्व विद्यार्थी अपने गुरुजनों का सम्मान भी करेंगे।
21 मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगा गोल्ड मेडल
रजत जयंती समारोह में सांस्कृतिक आयोजनों के साथ संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों को भी सम्मान दिया जाएगा। वर्ष 2001 से 2021 तक प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने वाले 21 मेधावी विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल प्रदान किया जाएगा। समारोह में पुराने विद्यार्थियों की उपलब्धियों के साथ सिम्स के 25 साल के सफर और चिकित्सा शिक्षा में संस्थान के योगदान को भी याद किया जाएगा।






