
राउत नाचा को राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाले डॉ. कालीचरण यादव नहीं रहे,लोकसंस्कृति का एक युग समाप्त

चार दशक से अधिक समय तक महोत्सव की कमान संभाली
शिक्षक के रूप में भी संवारी पीढ़ियां
इस बार अपने ही महोत्सव की तैयारी के बीच दुनिया को कहा अलविदा
बिलासपुर। बिलासपुर की सांस्कृतिक पहचान को देशभर में स्थापित करने वाले राउत नाचा महोत्सव के शिल्पकार डॉ. कालीचरण यादव का 23 नवंबर को सुबह 11 बजे आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से यादव समाज ही नहीं, बल्कि साहित्य, लोककला और सांस्कृतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। उन्होंने अपना पूरा जीवन यादव समाज की परंपराओं, लोकसंस्कृति और राउत नाचा को सहेजने तथा उसे नई पहचान दिलाने के लिए समर्पित कर दिया था। विडंबना यह है कि जिस महोत्सव को उन्होंने अपनी जिंदगी के चार दशक से अधिक समय दिए, इस वर्ष उसके आयोजन की तैयारियों में भी वे सक्रिय थे, लेकिन इस बार महोत्सव उनके बिना होगा।
पूर्व मंत्री एवं विधायक स्व. बीआर यादव के दामाद डॉ. कालीचरण यादव की पहचान केवल यादव समाज के एक प्रमुख व्यक्ति के रूप में नहीं थी, बल्कि वे बिलासपुर की सांस्कृतिक विरासत को नई ऊंचाई देने वाले व्यक्तित्व थे। बीआर यादव ने वर्ष 1978 में राउत नाचा महोत्सव की शुरुआत की थी। इसके पीछे समाज को संगठित करने और पारंपरिक नृत्य को एक व्यवस्थित मंच देने की सोच थी। शुरुआती दौर में अलग-अलग टोलियों के बीच प्रतिस्पर्धा कई बार विवाद और मारपीट तक पहुंच जाती थी। डॉ. कालीचरण यादव ने इस परंपरा को अनुशासन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सांस्कृतिक गौरव से जोड़ने का बीड़ा उठाया। बाद में लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में इसका भव्य आयोजन शुरू हुआ और धीरे-धीरे यह महोत्सव बिलासपुर की पहचान बन गया।
छोटी-छोटी टोलियों को एक मंच पर लाकर बनाया राष्ट्रीय आयोजन
डॉ. यादव के प्रयासों का ही परिणाम रहा कि अलग-अलग गांवों और क्षेत्रों में नाच करने वाली छोटी-छोटी टोलियां एक बड़े मंच पर आने लगीं। महोत्सव में नर्तक दलों की संख्या लगातार बढ़ती गई। पारंपरिक वेशभूषा, मोरपंख से सजी पगड़ी, कौड़ियों के आभूषण, लाठी संचालन, शौर्य प्रदर्शन और छत्तीसगढ़ी दोहों से सजा यह आयोजन अपनी अलग पहचान बनाने लगा। देखते ही देखते बिलासपुर का राउत नाचा महोत्सव प्रदेश की सीमाओं को पार कर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चित हो गया।
उनके प्रयासों से यहां के कई नाचा दलों को देश के प्रतिष्ठित मंचों पर अपनी कला दिखाने का अवसर मिला। दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले जैसे मंचों पर छत्तीसगढ़ की लोककला का प्रदर्शन होना इसी सांस्कृतिक अभियान की बड़ी उपलब्धियों में शामिल रहा। उन्होंने राउत नाचा को केवल यादव समाज का पारंपरिक आयोजन बनाकर नहीं रखा, बल्कि इसे छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और बिलासपुर के गौरव के रूप में स्थापित किया।
शिक्षक, लेखक और समाज को जोड़ने वाले व्यक्तित्व
डॉ. कालीचरण यादव का योगदान केवल सांस्कृतिक आयोजनों तक सीमित नहीं था। वे शिक्षाविद् भी थे और लाल बहादुर शास्त्री स्कूल में शिक्षक के रूप में उन्होंने लंबे समय तक सेवाएं दीं। उनके पढ़ाए विद्यार्थियों की कई पीढ़ियां आज विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना चुकी हैं। उनका मानना था कि शिक्षा और सामाजिक जागरूकता ही किसी समाज की वास्तविक उन्नति का आधार है।
लोकसंस्कृति के प्रति उनकी प्रतिबद्धता लेखन और संपादन में भी दिखाई देती थी। वे लोकसंस्कृति पर केंद्रित पत्रिका ‘मड़ई’ के संपादक भी रहे। लोकजीवन, परंपराओं और समाज से जुड़े विषयों पर उनके लेखन को सराहना मिली। वर्ष 2022 में छत्तीसगढ़ प्रदेश हिंदी साहित्य सम्मेलन की ओर से उन्हें भगवान सिंह ठाकुर स्मृति समाजशास्त्रीय लेखन सम्मान से भी सम्मानित किया गया था।
49वें महोत्सव में पहली बार नहीं दिखेगा उनका चेहरा
इस वर्ष राउत नाचा महोत्सव अपने 49वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। आयोजन की तैयारियों और नाचा दलों को एक मंच पर लाने की कवायद में डॉ. यादव सक्रिय थे। उनके लिए यह महज एक वार्षिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवनभर की साधना थी। जिस मंच को उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और दूरदृष्टि से देशभर में पहचान दिलाई, इस बार उसी मंच पर उनकी अनुपस्थिति हर किसी को खलेगी। उनके निधन से आयोजन समिति के सामने भी एक बड़ी रिक्तता पैदा हो गई है।
पूर्व महापौर ने किया शोक व्यक्त
पूर्व महापौर रामशरण यादव ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. कालीचरण यादव ने बिलासपुर की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई दी। उनका योगदान केवल यादव समाज तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने पूरे शहर का मान-सम्मान बढ़ाया। उनकी कमी कभी पूरी नहीं की जा सकती।डॉ. कालीचरण यादव अपने पीछे परिवार के साथ ऐसा सांस्कृतिक विरासत छोड़ गए हैं, जिसे आगे बढ़ाना अब समाज और नई पीढ़ी की जिम्मेदारी होगी। उनका जीवन इस बात का उदाहरण रहेगा कि अपनी परंपराओं के प्रति समर्पण और निरंतर प्रयास से किसी लोककला को स्थानीय पहचान से राष्ट्रीय पहचान तक पहुंचाया जा सकता है।





