
– धान की खरीदी ने बढ़ाए बदरा के दाम,600 रुपए ट्रॉली तक पहुंचे भाव

अब पशु आहार निर्माताओं और पशुपालकों पर भी महंगाई की मार

भाटापारा- था 400 से 500 रुपए ट्रॉली। है 500 से 600 रूपए ट्रॉली। धान बदरा में बोली जा रही यह कीमत और बढ़ सकती है क्योंकि पोहा क्वालिटी के धान की कीमत लगातार बढ़ रही है।
पशु आहार निर्माता, विक्रेता और पशुपालकों को अब बदरा कोढ़ा के लिए पहले से ज्यादा कीमत चुकानी पड़ेगी क्योंकि महंगा होने लगा है बदरा। रही-सही कसर कमजोर आवक पूरी कर रही है क्योंकि समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी चालू हो चली है।
इसलिए महंगा हो रहा बदरा
चावल मिलों से निकला बदरा भूसे के रूप में उपयोग होता है। जबकि पोहा मिलों से निकला बदरा की खरीदी पशु आहार निर्माता और विक्रेता करते हैं लेकिन समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की वजह से पोहा मिलों को पर्याप्त मात्रा में धान की उपलब्धता नहीं हो पा रही है। इसलिए पोहा के बाद असर उस बदरा की कीमत पर पड़ा है, जो इस वक्त 500 से 600 रुपए ट्रॉली पर जा पहुंचा है। तेजी के पूर्व यह 400 से 500 रुपए ट्रॉली पर स्थिर था।
पीछे यह बदरा भी नहीं
गीला बदरा 1700 रुपए ट्रॉली। सूखा बदरा 1800 से 1900 रुपए ट्रॉली। राइस मिलों से निकल रहे इस बदरा का विक्रय भूसे के रूप में करने वाली राइस मिलों का मानना है कि तेजी की धारणा इसलिए बनती नजर आ रही है क्योंकि बारिश के बाद ईंट भट्ठों की मांग निकलने लगी है। ऐसा इसलिए भी क्योंकि निर्माण के क्षेत्र में ईंट की डिमांड ने दस्तक दे दी है।
रोज निकल रहा इतना बदरा
संचालन में हैं करीब 150 पोहा मिलें। अमूमन एक पोहा मिल से प्रतिदिन 3 से 4 क्विंटल बदरा निकलता है। ऐसे में सभी संचालित मिलों से लगभग 450 क्विंटल के करीब बदरा निकलना माना जा रहा है जबकि मांग इससे करीब 25 से 30 फीसदी ज्यादा है। इसलिए धान की ही तरह कोढ़ा क्वालिटी के बदरा में प्रतिस्पर्धी खरीदी की स्थिति देखी जा रही है। यही वजह है कि आने वाले दिनों में भी तेजी की धारणा प्रबल है।






