
संजू त्रिपाठी हत्याकांड:22 आरोपियों की रिहाई को चुनौती देने डीपीओ को भेजा प्रस्ताव,जिला अभियोजन अधिकारी करेंगे साक्ष्यों का परीक्षण

कलेक्टर के माध्यम से शासन को जाएगा मामला,मंजूरी के बाद हाई कोर्ट में अपील
बिलासपुर। हिस्ट्रीशीटर संजू त्रिपाठी हत्याकांड में सभी 22 आरोपियों के बरी होने के बाद अब पुलिस निचली अदालत के फैसले को हाई कोर्ट में चुनौती देने की तैयारी कर रही है। इसके लिए पुलिस ने प्रकरण जिला अभियोजन अधिकारी को भेज दिया है। अभियोजन अधिकारी साक्ष्यों और फैसले का परीक्षण करने के बाद अपील का प्रस्ताव कलेक्टर के माध्यम से राज्य शासन को भेजेंगे। शासन की मंजूरी मिलने के बाद हाई कोर्ट में अपील प्रस्तुत की जाएगी।
30 अक्टूबर को 10वें अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश आदित्य जोशी की अदालत ने संजू त्रिपाठी हत्याकांड में सभी 22 आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया था। फैसले के बाद पुलिस ने जिला अभियोजन कार्यालय को पत्र लिखकर अपील की प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया। एसएसपी रजनेश सिंह ने स्पष्ट किया है कि पुलिस सीधे हाई कोर्ट में अपील नहीं कर सकती। इसके लिए निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करना अनिवार्य है।
12 बिंदुओं में साक्ष्यों का दिया हवाला
पुलिस ने अभियोजन कार्यालय को भेजे दो पन्नों के पत्र में 12 बिंदुओं के जरिए विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों का उल्लेख किया है। इनमें परिस्थितिजन्य, तकनीकी और भौतिक साक्ष्य शामिल हैं। अपील के आधार के रूप में दो देशी पिस्तौल और कारतूस की बरामदगी, हथियारों की परीक्षण रिपोर्ट तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का हवाला दिया गया है।
इसके अलावा मोबाइल डाटा, चैट, कॉल डिटेल रिकॉर्ड , मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज को भी महत्वपूर्ण साक्ष्य बताया गया है। पुलिस ने बैंक खातों के लेनदेन, वाहनों और हथियारों की बरामदगी तथा कथित सुपारी की रकम के लेनदेन से जुड़े साक्ष्यों का भी उल्लेख किया है। पत्र में 30 से अधिक स्वतंत्र और पुलिस गवाहों के बयान भी निचली अदालत के फैसले को चुनौती देने के आधार के रूप में शामिल किए गए हैं।
डीपीओ से कलेक्टर और फिर शासन तक पहुंचेगा प्रस्ताव
अपील की प्रक्रिया में अब जिला अभियोजन अधिकारी की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। डीपीओ पूरे प्रकरण और निचली अदालत के फैसले का परीक्षण करेंगे। इसके बाद अपील का प्रस्ताव कलेक्टर के माध्यम से राज्य शासन को भेजा जाएगा। शासन की मंजूरी मिलने पर मामला महाधिवक्ता कार्यालय पहुंचेगा, जहां से राज्य शासन की ओर से हाई कोर्ट में अपील प्रस्तुत की जाएगी।
पत्नी ने मांगी परिवार की सुरक्षा
संजू त्रिपाठी की पत्नी किरण त्रिपाठी ने एसएसपी रजनेश सिंह से मुलाकात कर खुद और परिवार के सदस्यों की सुरक्षा की मांग की है। एसएसपी ने उन्हें सुरक्षा का आश्वासन दिया है। साथ ही सिविल लाइन पुलिस को उनके घर के आसपास नियमित गश्त करने के निर्देश दिए हैं।
वर्जन
पुलिस सीधे हाई कोर्ट में अपील नहीं कर सकती। इसके लिए कानूनी प्रक्रिया निर्धारित है। प्रकरण जिला अभियोजन अधिकारी को भेजा गया है। वहां परीक्षण के बाद कलेक्टर और फिर राज्य शासन के पास प्रस्ताव जाएगा। शासन की मंजूरी के बाद ही हाई कोर्ट में अपील की जाएगी।
रजनेश सिंह
एसएसपी बिलासपुर




