
ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव, शहर 4 जोन और 15 बीट में बंटा,पीक आवर्स में पैदल पेट्रोलिंग, नो-पार्किंग में व्हील लॉक और जीपीएस कैमरे से ई-चालान

अब जोन प्रभारी संभालेंगे डायवर्सन और पॉइंट ड्यूटी
बिलासपुर। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने और वीआईपी व हाईकोर्ट मार्ग पर आवागमन सुगम बनाने के लिए यातायात पुलिस ने नया प्लान लागू किया है। अब शहर की ट्रैफिक व्यवस्था 4 जोन और 15 बीट में संचालित होगी। प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है, जबकि उप निरीक्षक और सहायक उप निरीक्षक बीट प्रभारी बनाए गए हैं। नई व्यवस्था में पीक आवर्स के दौरान पैदल पेट्रोलिंग, नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर व्हील लॉक और जीपीएस कैमरे से फोटो लेकर ई-चालान की कार्रवाई पर जोर दिया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक ऋचा मिश्रा के अनुसार, नई व्यवस्था में शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों और नेशनल व स्टेट हाईवे को भी शामिल किया गया है। प्रधान आरक्षक और आरक्षक पॉइंट ड्यूटी, डायवर्सन और पैदल पेट्रोलिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे। अब प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने या किसी विशेष परिस्थिति में डायवर्सन की जरूरत पड़ने पर जोन प्रभारी व्यवस्था संभालेंगे। इससे मौके पर त्वरित निर्णय लेने और यातायात नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ व्हील लॉक और ई-चालान की कार्रवाई की जाएगी। जीपीएस युक्त कैमरों से नियम तोड़ने वाले वाहनों की तस्वीर लेकर चालान जारी किए जाएंगे। खासकर सुबह और शाम के पीक आवर्स में प्रमुख मार्गों और चौराहों पर पैदल पेट्रोलिंग की जाएगी।
इन 4 जोन में बंटी यातायात व्यवस्था
सरकंडा जोन: इसमें कोनी से महामाया चौक, नूतन चौक, अशोक नगर, खमतराई, बहतराई, बसंत विहार, छठ घाट और मोपका तक का क्षेत्र शामिल है। सकरी से कर्रा लिम्हा टोल प्लाजा तक का हिस्सा हाईवे पेट्रोलिंग-02 के अंतर्गत रहेगा।
तिफरा जोन: राजीव गांधी चौक, तिफरा हाईटेक बस स्टैंड से गुंबर पेट्रोल पंप, ट्रांसपोर्ट नगर परसदा, हाईकोर्ट आवासीय परिसर और पेंड्रीडीह तक का क्षेत्र इस जोन में रहेगा। पेंड्रीडीह बायपास से भोजपुरी टोल प्लाजा और सकरी बायपास तक हाईवे पेट्रोलिंग-01 की जिम्मेदारी होगी।
कोतवाली और लिंक रोड जोन: मुख्य डाकघर से गोल बाजार, तेलीपारा, रामसेतु, गांधी चौक, गुरुनानक चौक, लालखदान और मस्तूरी रोड तक का क्षेत्र इसमें शामिल है। लिंक रोड, अग्रसेन चौक, श्रीकांत वर्मा मार्ग, सीएमडी चौक, पुराना बस स्टैंड, व्यापार विहार, मैग्नेटो मॉल और रेलवे क्षेत्र भी इसी जोन में रहेंगे। पाराघाट-भोजपुरी टोल प्लाजा पेट्रोलिंग, सेंदरी-रतनपुर इंटरसेप्टर टीम और बाइक-कार लिफ्टर क्रेन मुख्यालय के नियंत्रण में काम करेंगी।
मंगला-सकरी जोन: नेहरू चौक, इंदिरा सेतु, रिवर व्यू, मुंगेली नाका, जरहाभाठा से राजीव गांधी चौक तक का क्षेत्र इस जोन में शामिल है। इसके अलावा मंगला, गौरव पथ, उसलापुर, सकरी और आसपास के इलाकों की जिम्मेदारी भी इसी जोन को दी गई है।
दोपहिया चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट का अनिवार्य
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से दोपहिया चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की है। साथ ही नो-पार्किंग में वाहन खड़ा नहीं करने, निर्धारित पार्किंग का उपयोग करने और ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने कहा है।
वर्जन
ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने और बेहतर करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।लोगो से सुझाव लेकर बेहतर करने की कोशिश की जायेगी।
ऋचा मिश्रा
एएसपी ट्रैफिक




