
कुदुदंड के चांदनी चौक में मकान में भीषण आग, परिवार ने भागकर बचाई जान,पूरा सामान जलकर खाक

बिलासपुर। कुदुदंड स्थित चांदनी चौक में देर रात एक मकान में भीषण आग लग गई। रात करीब 9 बजे घर के सामने वाले हिस्से में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। घर में मौजूद परिवार के सदस्यों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। पड़ोसियों ने बोर चालू कर आग बुझाने की कोशिश की। सूचना मिलने के करीब 25 मिनट बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक घर का पूरा सामान जलकर खाक हो चुका था।
कुदुदंड के चांदनी चौक निवासी राजेंद्र परिहार गुरुवार रात परिवार के साथ घर पर मौजूद थे। सभी सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त थे। रात करीब 8:40 बजे उन्हें धुएं की गंध आई। शुरुआत में उन्हें लगा कि घर के बाहर कचरे के ढेर में आग लगी होगी, इसलिए किसी ने गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। कुछ देर बाद घर के सामने वाले हिस्से से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। धुएं का गुबार देखकर पड़ोसियों ने शोर मचाया और राजेंद्र को घर में आग लगने की जानकारी दी।आग तेजी से फैलती देख राजेंद्र परिवार के सदस्यों को लेकर किसी तरह घर से बाहर निकले। इस दौरान पड़ोसियों ने तत्काल बोर चालू कर पानी डालना शुरू किया। नगर सेना के दमकल वाहन को भी सूचना दी गई। करीब 25 मिनट बाद दमकल की टीम पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल के पहुंचने में और देर होती तो आग आसपास के मकानों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट से आग लगने की जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।




