
आओ संवारे कल अपना में भटके बच्चों को राह दिखाएगी पुलिस,भटके बच्चों के साथ पीड़ितों को भी सहारा देगी खाकी,सिविल लाइन थाने में बना स्पेशल काउंसलिंग सेंटर
,पीड़ितों को भी मिलेगा संबल

बिलासपुर। गलती करने वाले बच्चे को केवल कानून का डर दिखाकर नहीं, बल्कि उसकी परिस्थितियों को समझकर सही राह पर लाना और अपराध या हिंसा के शिकार बच्चे को भय से निकालकर सुरक्षा व भरोसा देना होता है पुलिस की भूमिका को इसी संवेदनशीलता के साथ आगे बढ़ाने के लिए बिलासपुर में एक विशेष केंद्र तैयार किया गया है।
सिविल लाइन थाना परिसर में बना स्पेशल काउंसलिंग सेंटर अब बच्चों को अपराध से दूर करने, मानसिक संबल देने, अधिकारों की रक्षा और पुनर्वास में मददगार बनेगा। आओ संवारे कल अपना थीम पर तैयार भवन पूरी तरह बनकर तैयार हो चुका है। जल्द ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रस्तावित बिलासपुर प्रवास के दौरान इसका उद्घाटन कराने की तैयारी है।इस केंद्र की खासियत यह है कि यहां केवल कानून के उल्लंघन के मामलों में उलझे नाबालिग यानी चाइल्ड इन कन्फ्लिक्ट विद लॉ ही नहीं, बल्कि अपराध,
हिंसा या अन्य प्रताड़ना के शिकार बच्चों को भी लाकर काउंसलिंग की जाएगी। दोनों परिस्थितियों में बच्चों की जरूरत के अनुसार उनकी देखभाल, संरक्षण और आगे की
जिंदगी तय करने मे मदद मिलेगी। अपराध में संलिप्त बच्चों को उनके व्यवहार, पारिवारिक परिस्थितियों और गलत रास्ते पर जाने के कारणों को समझते हुए सकारात्मक बदलाव
के लिए प्रेरित किया जाएगा। वहीं पीड़ित बच्चों को सुरक्षित माहौल में सुनने, मानसिक संबल देने और जरूरी कानूनी व पुलिस सहायता उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।
अपराधी नहीं, बच्चे के रूप में समझने की पहल
पुलिस की इस पहल का उद्देश्य ऐसे बच्चों को अपराधी की तरह देखने के बजाय उनकी उम्र, मानसिक स्थिति, पारिवारिक पृष्ठभूमि और परिस्थितियों को समझना है। कई बार बच्चे गलत संगत, दबाव, पारिवारिक तनाव, असुरक्षित माहौल या भावनात्मक परिस्थितियों में ऐसे कदम उठा लेते हैं, जिनसे वे कानूनी प्रक्रिया में उलझ जाते हैं। ऐसे बच्चों को नियमित काउंसलिंग के जरिए उनके फैसलों के परिणाम समझाए जाएंगे और जीवन में सकारात्मक विकल्प चुनने के लिए प्रेरित किया जायेगा।
सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रयास
केंद्र में बच्चों के साथ विशेषज्ञ काउंसलर संवाद करेंगे। उन्हें गलत रास्ते के दुष्परिणाम समझाने के साथ ऐसे उदाहरण भी बताए जाएंगे, जहां बच्चों या किशोरों ने कठिन परिस्थितियों से निकलकर अपने जीवन को सकारात्मक दिशा दी। खेलकूद और मनोरंजक गतिविधियों की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि बच्चे तनावमुक्त माहौल में खुलकर अपनी बात कह सकें। मकसद उन्हें केवल समझाइश देना नहीं, बल्कि उनके भीतर आत्मविश्वास, जिम्मेदारी और भविष्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना है।
पीड़ित बच्चों को भी मिलेगा सुरक्षित माहौल और मदद
इस केंद्र का दायरा केवल अपराध में शामिल बच्चों तक सीमित नहीं रहेगा। किसी अपराध, हिंसा, शोषण या अन्य प्रतिकूल घटना के शिकार बच्चों को भी यहां लाकर काउंसलिंग की जाएगी। ऐसे बच्चों के लिए संवेदनशील वातावरण, उनकी बात सुनना, मानसिक स्थिति को समझना और जरूरत के अनुसार संरक्षण व सहायता उपलब्ध कराना प्राथमिकता होगी। काउंसलिंग के बाव मामले की प्रकृति और जरूरत के अनुसार पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। बच्चों के अधिकारों के संरक्षण के लिए जेजे एक्ट (किशोर न्याय अधिनियम) के प्रावधानों के अनुसार कार्य किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर बच्चों को विधिक सहायता उपलब्ध कराने, संबंधित विभागों और संस्थाओं से समन्वय करने तथा उनके पुनर्वास और संरक्षण की दिशा में मदद दी जाएगी। पुलिस और प्रशासन के साथ एनजीओ भी जरूरत के अनुसार सहयोग करेंगे।
वर्जन
इस केंद्र का उद्देश्य बच्चों को केवल उनकी गलती या घटना के आधार पर देखने के बजाय उनकी परिस्थितियों को समझना और उन्हें जरूरी सहयोग देना है। अपराध या हिंसा के शिकार बच्चों को भी यहां सुरक्षित माहौल में काउंसलिंग और आवश्यक सहायता मिलेगी। बच्चों के अधिकारों और संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए जेजे एक्ट के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस, प्रशासन, विधिक सहायता और एनजीओ के समन्वय से बच्चों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने का प्रयास रहेगा।
मधुलिका सिंह, एएसपी ग्रामीण, बिलासपुर




