
नीम के पेड़ पर लटका मिला महिला का शव,जांच में जुटी पुलिस

बिलासपुर । मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम करियताल में एक महिला ने किसी कारणों से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला का शव घर के बाहर नीम के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर मल्हार पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतिका सातन बाई भैना पति स्वर्गीय संत राम भैना 60 वर्ष ग्राम करियताल नेवारी में अकेली रहती थी। 26 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे उनका शव घर के बाहर लगे नीम के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी उनके बेटे मुन्ना भैना ने मल्हार पुलिस चौकी को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।




