एमडी की सीट दिलाने के नाम पर 2.74 करोड़ की ठगी
,एक डॉक्टर के पिता से 1.29 करोड़, दूसरे डॉक्टर से 1.45 करोड़ ऐंठे,फर्जी अलॉटमेंट लेटर देकर दो साल तक घुमाते रहे आरोपी, 5 के खिलाफ एफआईआर

बिलासपुर। मेडिकल पीजी में एडमिशन दिलाने झांसा देकर दो डॉक्टरों से 2 करोड़ 74 लाख 70 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। गिरोह ने एक एमबीबीएस डॉक्टर के पिता से 1 करोड़ 29 लाख 37 हजार रुपए और दूसरे डॉक्टर से 1 करोड़ 45 लाख 33 हजार रुपए वसूले। सीट दिलाने के नाम पर फर्जी अलॉटमेंट लेटर जारी कर पीड़ितों को भरोसे में लिया गया। रकम वापस मिलने की उम्मीद में करीब दो साल तक चक्कर काटने के बाद एक पीड़ित ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, उत्तराखंड और बिलासपुर से जुड़े 5 आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचना की 7 धाराओं में अपराध दर्ज किया है।
दरअसल पीड़ित 55 वर्षीय व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उनके एमबीबीएस पास बेटे ने वर्ष 2023 में नीट पीजी परीक्षा दी थी। नेशनल मेडिकल काउंसिल की ओर से जीरो पर्सेंटाइल पर एडमिशन की पात्रता घोषित होने के बाद बेटे ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया था। इसी दौरान अक्टूबर 2023 में गिरोह के एक सदस्य ने फोन कर एमडी रेडियोलॉजी या मेडिसिन में सीट दिलाने का प्रस्ताव दिया। इसके लिए ढाई करोड़ रुपए खर्च होने की बात कही गई, लेकिन बातचीत के बाद सौदा 2.30 करोड़ रुपए में तय हुआ।
फर्जी अलॉटमेंट लेटर भेजकर दिलाया भरोसा
आरोपियों ने वाट्सएप पर 3.54 लाख रुपए फीस जमा होने का फर्जी अलॉटमेंट लेटर भेजा। इसके बाद बेटे को मैंगलोर के एक मेडिकल कॉलेज में रिपोर्ट करने कहा गया। पिता बेटे को लेकर वहां पहुंचे तो आरोपियों ने कॉलेज में सीट नहीं होने का बहाना बनाया और उन्हें बेंगलुरु ले गए। वहां एक ऐसे व्यक्ति से मुलाकात कराई गई, जिसने खुद को डॉक्टर और यूनिवर्सिटी का असिस्टेंट रजिस्ट्रार बताया। इस तरह अलग-अलग बहाने बनाकर पीड़ित को भरोसे में रखा गया और रकम ऐंठते रहे।
दूसरे डॉक्टर से भी 1.45 करोड़ से ज्यादा की ठगी
इसी गिरोह ने रिंग रोड निवासी एक अन्य डॉक्टर को भी पीजी में एडमिशन दिलाने का झांसा दिया। उससे 1 करोड़ 45 लाख 33 हजार रुपए वसूल लिए गए। अब वह डॉक्टर भी अपनी रकम वापस पाने के लिए आरोपियों के चक्कर लगा रहा है। दोनों मामलों में मेडिकल पीजी की सीट दिलाने का भरोसा देकर बड़ी रकम वसूली गई, लेकिन एडमिशन नहीं कराया गया और रकम भी वापस नहीं की गई।
8 साल पुराने एमबीबीएस एडमिशन ठगी मामले की भी चर्चा
मेडिकल एडमिशन के नाम पर ठगी का एक पुराना मामला भी सामने आया है। वर्ष 2013 में एमबीबीएस की सीट दिलाने के नाम पर दो आरोपियों ने राजेंद्र नगर निवासी छात्रा के पिता से 4 लाख रुपए ठग लिए थे। पीड़ित ने वर्ष 2018 में सिविल लाइन थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। करीब 8 साल बाद भी आरोपी गिरफ्त से बाहर हैं। इस मामले में 3 सीएसपी, 9 टीआई और 8 एसआई बदल चुके हैं। आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाने पर 12 पुलिस अधिकारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था।




