बिलासपुर रेलवे का बड़ा ब्लॉक, 8 पैसेंजर ट्रेनें रद्द- यात्री बेहाल…
3 से 6 मई तक रेल सेवाएं प्रभावित, सफर हुआ मुश्किल….
निर्माण कार्य के नाम पर ट्रेनों की कटौती, जनता त्रस्त…
बिलासपुर। रेलवे मंडल एक बार फिर ट्रेनों के रद्द और डायवर्जन को लेकर चर्चा में है। लगातार बदलती रेल व्यवस्था से यात्रियों की परेशानी बढ़ती जा रही है। रोजाना सफर करने वाले सैकड़ों यात्रियों को कभी ट्रेन रद्द होने तो कभी बीच रास्ते रोक दिए जाने से भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।दरअसल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल अंतर्गत भाटापारा सेक्शन में रोड अंडरब्रिज निर्माण कार्य के लिए ट्रैफिक-कम-पावर ब्लॉक लिया जा रहा है। इस कारण 3 से 6 मई 2026 तक रेल संचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे प्रशासन ने इस दौरान कुल 8 पैसेंजर ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है। इसमें रायपुर-बिलासपुर मेमू, गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू, कोरबा-रायपुर पैसेंजर और रायपुर-इतवारी पैसेंजर जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनें शामिल हैं।इसके अलावा कुछ ट्रेनों को बीच रास्ते में ही समाप्त किया जाएगा। झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू बिलासपुर तक ही चलेगी, जबकि गोंदिया झारसुगुड़ा मेमू भी बिलासपुर से ही संचालित होगी। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी गई है कि सफर से पहले ट्रेन की जानकारी जरूर जांच लें। फिलहाल, इस व्यवस्था से आम यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है।