Blog

स्कूल के टॉयलेट में ब्लास्ट,छात्रा बुरी तरह से झुलसी

सेंट विंसेंट पलोटी स्कूल में लापरवाही, टॉयलेट में किसी ने रख दिया सोडियम,पानी डालते ही हुआ धमाका

स्कूल में मची अफरा तफरी, घायल बालिका को उपचार के लिए निजी अस्पताल में कराया गया भर्ती

बिलासपुर। शहर के प्रतिष्ठित सेंट विंसेंट पलोटी स्कूल में घोर लापरवाही का मामला सामने आया है। चौथी कक्षा की एक मासूम बच्ची टॉयलेट में हुए सोडियम ब्लास्ट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद बच्ची को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।जानकारी के मुताबिक, स्कूल के अन्य कक्षा के छात्रों ने टॉयलेट सीट पर एल्युमिनियम फॉयल में लपेटकर सोडियम रखा था। सोडियम पानी के संपर्क में आते ही धमाका कर गया, जिससे बच्ची घायल हो गई। घटना के समय स्कूल प्रशासन की ओर से किसी भी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था या निगरानी नहीं थी।

परिजनों में गुस्सा, स्कूल प्रशासन पर सवाल

घटना के बाद पीड़ित बच्ची के परिजनों में आक्रोश व्याप्त है। परिजनों का आरोप है कि स्कूल प्रशासन की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। स्कूल में छात्रों द्वारा खतरनाक रसायन लाने और उसका गलत उपयोग करने पर भी सवाल उठ रहे हैं।

जा सकती थी बच्ची की जान, पुलिस ने शुरू की जांच

घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है, और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रों को इस रसायन की जानकारी कहां से मिली और स्कूल में यह कैसे लाया गया, इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं।

स्कूल की साख पर दाग

इस घटना ने न केवल बच्ची और उसके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है, बल्कि स्कूल की साख पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शिक्षा के मंदिर में इस तरह की घटनाएं अभिभावकों को चिंतित कर रही हैं। प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *