अंबेडकर प्रतिमा पर गोबर फेंकने से बवाल,बहुजन समाज का फूटा आक्रोश, गिरफ्तारी की मांग

बिलासपुर।तखतपुर थाना क्षेत्र में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान का मामला सामने आने के बाद माहौल गरमा गया। आरोप है कि किसी असामाजिक तत्व ने अंबेडकर प्रतिमा पर गोबर फेंक दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बहुजन समाज के लोग और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और घटना को लेकर आक्रोश जताया। प्रतिमा के पास जुटे कार्यकर्ताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। विरोध में कार्यकर्ता प्रतिमा स्थल के पास ही धरने पर बैठ गए।
दरअसल प्रदर्शनकारियों का कहना है कि महापुरुष की प्रतिमा का इस तरह अपमान सामाजिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है और पुलिस को मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तार करना चाहिए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति पर नजर रखी। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा
चक्काजाम करने का कदम उठाया जा सकता है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रतिमा पर गोबर फेंकने वाले व्यक्ति की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद तखतपुर में राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों की सक्रियता भी बढ़ गई है।