Blog

अग्निवीर भर्ती रैली के लिए प्रवेश पत्र जारी

12 जनवरी से बिलासपुर में होगी भर्ती रैली

बिलासपुर। सेना भर्ती कार्यालय, रायपुर द्वारा छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों के पुरुष उम्मीदवारों के लिए अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन 12 से 18 जनवरी 2027 तक बहतराई स्टेडियम, बिलासपुर में किया जाएगा। भर्ती रैली में अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर तकनीकी तथा अग्निवीर ट्रेड्समैन (10वीं एवं 8वीं पास) पदों के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित होगी।
भर्ती रैली में शामिल होने वाले पात्र उम्मीदवारों के प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। प्रवेश पत्र जॉइन इंडियन आर्मी की आधिकारिक वेबसाइट तथा उम्मीदवारों के पंजीकृत ई-मेल पर भेजे गए हैं। उम्मीदवार भर्ती रैली में प्रवेश पत्र के साथ रैली अधिसूचना के अनुसार सभी आवश्यक दस्तावेज तथा आधार कार्ड से लिंक मोबाइल फोन अनिवार्य रूप से लेकर आएं।

अग्निवीर क्लर्क की भर्ती 11 अक्टूबर को सागर में
अग्निवीर लिपिक पद के लिए भर्ती का आयोजन 11 अक्टूबर 2026 को इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज, सागर (मध्यप्रदेश) में किया जाएगा। इसमें सेना भर्ती कार्यालय, रायपुर के अंतर्गत आने वाले छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों के कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) में सफल अग्निवीर लिपिक उम्मीदवार शामिल होंगे। संबंधित उम्मीदवारों के प्रवेश पत्र भी जारी कर दिए गए हैं।
सेना भर्ती कार्यालय ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि भर्ती संबंधी किसी भी जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए सेना भर्ती कार्यालय, रायपुर के आधिकारिक व्हाट्सऐप चैनल ‘ARO Raipur (Official Channel)’ से जुड़ें। इसके अलावा सेना भर्ती कार्यालय, नया रायपुर के दूरभाष नंबर 0771-2965212 एवं 0771-2965214 पर संपर्क किया जा सकता है। भारतीय सेना के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और योग्यता आधारित है। उम्मीदवार किसी भी प्रकार के दलाल या बिचौलिये के झांसे में न आएं और भर्ती के नाम पर पैसे मांगने वाले व्यक्तियों से सावधान रहें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *