अल्पसंख्यक मोर्चा महामंत्री की भाजपा ने कर दी छुट्टी
मंदिर ट्रस्ट ने विवाद में शामिल दुकानदारों को भेजा नोटिस
बिलासपुर। रतनपुर महामाया मंदिर परिसर में मारपीट की घटना के बाद तेजी से वायरल हो रहे वीडिया के बाद भाजपा एक्शन में आ गई है। भाजपा ने अल्पसंख्यक मोर्चा के महामंत्री रेहाना बेगम की छुट्टी कर दी है। मंदिर परिसर में विवाद के बाद महामाया मंदिर ट्रस्ट ने चार दुकानों को हटाने का आदेश भी दे दिया।
दरअसल रतनपुर महामाया मंदिर परिसर में विवाद हुआ, वीडियो वायरल हुआ, पुलिस ने एफआईआर दर्ज की और फिर भाजपा संगठन भी हरकत में आ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा ने अल्पसंख्यक मोर्चा मंडल रतनपुर की महामंत्री रेहाना बेगम को तत्काल प्रभाव से पद से मुक्त कर दिया है। रतनपुर थाने में पुलिस ने उनके खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर लिया है। संगठन ने कहा है कि पुलिस जांच पूरी होने तक यह कार्रवाई जारी रहेगी।
22 अगस्त को रतनपुर के महामाया मंदिर परिसर में रेहाना बेगम और एक अन्य व्यक्ति के बीच विवाद की स्थिति बनी थी। इस दौरान हुई घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ा और पुलिस ने शिकायत के आधार पर रेहाना बेगम के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच प्रभावित न हो, इसलिए कार्रवाई
भाजपा जिला बिलासपुर ग्रामीण संगठन की ओर से बताया गया कि रेहाना बेगम के खिलाफ पुलिस जांच चल रही है। ऐसे में पार्टी पद पर बने रहने से जांच प्रभावित होने अथवा किसी तरह का व्यवधान उत्पन्न होने की आशंका को देखते हुए उन्हें वर्तमान जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई तत्काल प्रभाव से लागू होगी और पुलिस जांच पूरी होने तक प्रभावी रहेगी। संगठन का कहना है कि पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल पद से हटाने का फैसला जांच पूरी होने तक के लिए किया गया है।
भाजपा संगठन की इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा भी शुरू हो गई है। पार्टी कार्यकर्ताओं के एक वर्ग का कहना है कि मामले में रेहाना बेगम के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद संगठन ने तत्काल कार्रवाई की है, लेकिन विवाद में दूसरे पक्ष की भूमिका को लेकर भी आरोप लगाए जा रहे हैं। भाजपा के एक पदाधिकारी पर भी मारपीट का आरोप लगाया गया है।
महामाया मंदिर ट्रस्ट ने दुकान हटाने दिया नोटिस
मंदिर परिसर में विवाद की जानकारी मिलने के बाद महामाया मंदिर ट्रस्ट की ओर से भी एक्शन लिया गया है। महामाया मंदिर ट्रस्ट की ओर से जारी आदेश में विवाद के कारण मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस लगने की बात कही है। ट्रस्ट की ओर से भागवत उर्फ राहुल पटेल महामाया फ्लावर दुकान, ईश्वर प्रधान, रतनपुर, चिकी प्रधान, रतनपुर, राजू शर्मा गीता प्रेस पुस्तक को तत्काल दुकान हटाने के लिए कहा गया है। दुकान नहीं हटाने पर बलपूर्वक कार्रवाई की हिदायत भी दी गई है।
वीडियो वायरल हुआ तो मामला गरमाया
घटना के बाद मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। भाजपा से जुड़े ग्रुपों के साथ-साथ अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वीडियो खूब शेयर किए जाने की बात सामने आई। वीडियो वायरल होते ही मंदिर परिसर का विवाद और गरमा गया और देखते ही देखते मामला सोशल मीडिया से निकलकर पुलिस और भाजपा संगठन तक पहुंच गया।