Blog

आठ फ्लोर की मंजूरी,नौवीं मंजिल पर 14 फ्लैट का निर्माण,तोरवा चौक के दीवान कंस्ट्रक्शन अपार्टमेंट में स्वीकृत नक्शे से अलग निर्माण का मामला,दोनों ब्लॉकों को ब्रिज से जोड़ा

बिलासपुर। तोरवा चौक स्थित दीवान कंस्ट्रक्शन के अपार्टमेंट में स्वीकृत भवन नक्शे और मौके पर हो रहे निर्माण में अंतर सामने आया है। ए और बी रेसीडेंशियल ब्लॉक में आठ फ्लोर तक निर्माण की अनुमति है, लेकिन मौके पर इसके ऊपर नौवीं मंजिल का निर्माण किया जा रहा है। इस मंजिल पर दोनों ब्लॉकों में कुल 14 फ्लैट बनाए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा स्वीकृत नक्शे में दोनों ब्लॉकों के बीच 13.6 मीटर की दूरी रखी गई है, जबकि मौके पर दोनों ब्लॉकों के बीच का हिस्सा जोड़कर ब्रिज बनाया गया है। नगर निगम अब स्वीकृत नक्शे और मौके के निर्माण का मिलान कराएगा।

जानकारी के अनुसार प्रोजेक्ट के ए ब्लॉक का बिल्डअप एरिया 5402.24 वर्गमीटर है, जिसमें 48 फ्लैट प्रस्तावित हैं। वहीं बी ब्लॉक का बिल्डअप एरिया 7033.44 वर्गमीटर है और इसमें 64 फ्लैट प्रस्तावित हैं। स्वीकृत नक्शे के अनुसार आठवें फ्लोर तक ए ब्लॉक में छह और बी ब्लॉक में आठ फ्लैट के निर्माण की अनुमति है। इसके बावजूद मौके पर नौवीं मंजिल का निर्माण किया जा रहा है। इस मंजिल पर ए ब्लॉक में छह और बी ब्लॉक में आठ यानी कुल 14 फ्लैट बनाए जा रहे हैं।

13.6 मीटर की दूरी घटाकर दोनों ब्लॉक जोड़े

स्वीकृत नक्शे में ए और बी ब्लॉक के बीच 13.6 मीटर की दूरी दर्शाई गई है। निगम भवन शाखा के इंजीनियरों के मुताबिक स्वीकृत नक्शे में दोनों ब्लॉकों को इस तरह जोड़ने का प्रावधान नहीं है। मौके पर दोनों ब्लॉकों के बीच पैसेज को जोड़कर ब्रिज बनाए जाने से निर्माण में बदलाव का मामला सामने आया है। अब निगम यह जांच करेगा कि दोनों ब्लॉकों को जोड़ने और अतिरिक्त मंजिल के निर्माण की अनुमति किस स्तर से दी गई।

सी ब्लॉक व्यावसायिक, 6023 वर्गमीटर बिल्डअप

प्रोजेक्ट में सी ब्लॉक व्यावसायिक उपयोग के लिए प्रस्तावित है। इसका बिल्डअप एरिया 6023.45 वर्गमीटर बताया गया है। निगम अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रोजेक्ट के स्वीकृत नक्शे और मौके पर हुए निर्माण का मिलान कराया जाना जरूरी है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि अतिरिक्त मंजिल और ब्लॉकों को जोड़ने के अलावा निर्माण में अन्य कोई बदलाव तो नहीं किया गया है।

190 कारों की पार्किंग का प्रावधान

स्वीकृत नक्शे में पूरे प्रोजेक्ट के लिए कुल 190 कारों की पार्किंग का प्रावधान है। इसमें लोअर पार्किंग में 3050 वर्गमीटर क्षेत्र में 88 कारों की टिल्ट पार्किंग, ए और बी ब्लॉक में 1976.58 वर्गमीटर में 66 कारों की पार्किंग, पोडियम पार्किंग में 602 वर्गमीटर में 27 कार और ओपन पार्किंग में 220 वर्गमीटर में नौ कारों की पार्किंग प्रस्तावित है।

जांच के केंद्र में तीन सवाल

अब निगम के सामने मुख्य रूप से तीन सवाल हैं कि आठ फ्लोर की अनुमति के बाद नौवीं मंजिल का निर्माण किस अनुमति से किया गया, स्वीकृत नक्शे में 13.6 मीटर की दूरी के बावजूद दोनों ब्लॉकों को किसकी अनुमति से जोड़ा गया और मौके के निर्माण का स्वीकृत नक्शे से पहले कब मिलान किया गया।

वर्जन
नक्शे के अनुसार निर्माण हो रहा है या नहीं, इसकी इंजीनियरों से जांच कराई जाएगी। यदि मौके पर स्वीकृत नक्शे के विपरीत निर्माण पाया गया तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रकाश सर्वे
कमिश्नर नगर निगम

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *