पड़ोसी के घर से गुल्लक चोरी, 33 हजार रुपये उड़ाए,19 वर्षीय युवक और नाबालिग साथी गिरफ्तार,चोरी के पैसों से खरीदे दो मोबाइल जब्त

बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मदनपुर में पड़ोसी के घर में घुसकर गुल्लक से 33 हजार रुपये चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक युवक और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने चोरी की रकम आपस में बांटकर मोबाइल खरीदा था। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी के पैसों से खरीदे गए दो मोबाइल जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार ग्राम मदनपुर निवासी नीलम श्यामले ने 8 सितंबर को रतनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 6 से 10 अगस्त के बीच वह घर पर नहीं थीं। इसी दौरान किसी ने घर का दरवाजा धक्का देकर खोल दिया और अंदर रखी गुल्लक चोरी कर ले गया। गुल्लक में करीब 30 हजार रुपये रखे थे।
मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर से मिली जानकारी और संदेह के आधार पर पुलिस ने प्रार्थिया के घर के पास रहने वाले गौरव श्यामले को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर घर से गुल्लक चोरी करना और उसे तोड़कर उसमें रखे 33 हजार रुपये आपस में बांटना स्वीकार किया। दोनों ने चोरी की रकम से मोबाइल खरीदे थे, जबकि कुछ रकम खर्च कर दी थी।
पुलिस ने आरोपी गौरव श्यामले पिता मुरलीधर श्यामले उम्र 19 वर्ष निवासी मदनपुर और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
।