इंटर्न डॉक्टरों ने विधायक अमर अग्रवाल से की मुलाकात, स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

बिलासपुर। प्रदेश में जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन द्वारा मासिक स्टाइपेंड में वृद्धि की मांग को लेकर प्रयास तेज किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सिम्स, बिलासपुर में कार्यरत इंटर्नशिप डॉक्टरों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शहर विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अमर अग्रवाल से मुलाकात कर अपने मासिक स्टाइपेंड में उचित बढ़ोतरी की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
इंटर्न डॉक्टरों ने विधायक अमर अग्रवाल के समक्ष अपनी समस्याओं और मांगों को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि श्री अग्रवाल प्रदेश के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री रहे हैं तथा प्रदेश स्तर पर उनकी बातों को गंभीरता से सुना जाता है। इसी विश्वास के साथ उन्होंने अपनी मांगों को उनके समक्ष रखा है।

विधायक अमर अग्रवाल ने इंटर्न डॉक्टरों की मांगों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, जो समाज के प्रत्येक वर्ग की समस्याओं और आवश्यकताओं को प्राथमिकता के साथ सुनकर उनके समाधान की दिशा में कार्य कर रही है।
श्री अग्रवाल ने कहा कि वे इंटर्न डॉक्टरों की स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को स्वास्थ्य मंत्री, वित्त मंत्री सहित शासन के उचित स्तर पर प्रमुखता से रखेंगे तथा इस विषय के समाधान के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार डॉक्टरों और अन्य प्रोफेशनल्स के हितों के प्रति संवेदनशील है। युवाओं को बेहतर अवसर प्रदान करने, उनके कौशल विकास एवं करियर को गति देने के लिए सरकार द्वारा निरंतर योजनाएं और प्रयास किए जा रहे हैं।
इस दौरान इंटर्न डॉक्टरों ने विधायक अमर अग्रवाल का उनकी मांगों को गंभीरता से सुनने और शासन स्तर पर उचित पहल करने के आश्वासन के लिए आभार व्यक्त किया।