इलाज कराने गए दंपती के सूने घर में चोरी
तारबाहर की वायरलेस कॉलोनी की घटना,पुलिस जुटी जांच में
बिलासपुर. इलाज कराने रायपुर एम्स
गए दंपती के सूने रेलवे क्वार्टर को चोरों नेनिशाना बना लिया। खिड़की तोड़कर घर में घुसे बदमाशों ने आलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवर, 50 हजार रुपए नगद और पीतल कांसे के बर्तन पार कर दिए। घटना की शिकायत पर तारबाहर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार वायरलेस कॉलोनी, रेलवे क्वार्टर निवासी पुष्पा देवी कौशल अपने परिवार के साथ रहती हैं। वह अपने पति के इलाज के लिए रायपुर एम्स गई थीं।
वहां से लौटने के बाद रात अधिक होने के कारण परिवार सिरगिट्टी स्थित बेटी के घर रुक गया। मंगलवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे पुष्पा देवी अपने पति और बच्चों के साथ घर पहुंचीं।
हाल की खिड़की टूटी हुई थी और घर का सामान बिखरा पड़ा था। आलमारी खुली हुई थी तथा लॉकर भी टूटा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि लॉकर में रखा बैग गायब था। उसमें
सोने की चेन, मंगलसूत्र, अंगूठी, अंगूठी, नथनी, तीन जोड़ी टॉप्स, चार जोड़ी चांदी की बिछिया, चांदी का सिक्का, चांदी का कड़ा तथा सभी जेवरों के बिल रखे हुए थे। इसके अलावा आलमारी में रखे 50 हजार रुपए नगद भी चोरी हो गए। चोर रसोई से पीतल की गुंडी और कांसे की थाली भी अपने साथ ले गए। महिला ने पुलिस को बताया कि, 13 जुलाई की रात करीब साढ़े आठ बजे उनकी बेटी वायरलेस कॉलोनी स्थित घर पहुंची थी। महिला ने आशंका जताई है कि रात साढ़े आठ बजे से सुबह के बीच चोर खिड़की तोड़कर घर में दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।