ई रिक्शा में लोड 90 किलो गांजा के साथ 8 महिलाएं गिरफ्तार,मटियारी क्षेत्र में खपाने की थी तैयारी

बिलासपुर ।नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरकंडा पुलिस और एसीसीयू टीम को बड़ी सफलता मिली है। सरकंडा थाना अंतर्गत मोपका चौकी पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए दो इलेक्ट्रिक ऑटो से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में 8 महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से करीब 90 किलो गांजा जब्त किया गया है।
जब्त मादक पदार्थ और वाहनों की कुल कीमत लगभग
46 लाख 75 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 17 और 18 मई की दरम्यानी रात
करीब 3 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन बिलासपुर की ओर से दो इलेक्ट्रिक ऑटो में कुछ महिलाएं सीपत की तरफ जा रही हैं, जो अपने साथ भारी मात्रा में गांजा प्लास्टिक की बोरियों और कपड़ों के
गट्ठरों में छिपाकर ले जा रही हैं। सूचना मिलते ही
सरकंडा पुलिस, मोपका चौकी स्टाफ, गवाहों और
एसीसीयू टीम ने बिलासपुर-सीपत रोड स्थित सीमेंट
कंपनी के पास घेराबंदी कर दोनों ऑटो को रोका।
तलाशी के दौरान पुलिस को आठ प्लास्टिक बोरियों और
कपड़ों के गट्ठरों में छिपाकर रखा गया 86 पैकेट गांजा
मिला, जो खाकी टेप से लिपटा हुआ था। सभी पैकेटों
का कुल वजन लगभग 90 किलोग्राम निकला। पुलिस
ने मौके से दो इलेक्ट्रिक ऑटो क्रमांक सीजी 10 बीएस 7574 और सीजी 10 सीसी 3813 भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में अशोक बाई, नंद कुमारी, लक्ष्मी शिकारी, द्रोपती शिकारी, ग्यास बाई, गंगा सिंह, रम्मती शिकारी और इंद्राणी शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम मटियारी और थाना सीपत क्षेत्र की रहने वाली बताई गई हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 716/26 के तहत धारा 20बी और 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गांजा तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई चैन की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
गांजा का प्रसिद्ध गढ़ है मटियारी
अवैध गांजा बिक्री के नाम से मटियारी को जाना जाता है।जिसके कारण लोग बाहर से गांजा लाकर मटियारी में खपाने का काम करते है।सस्ते दामों के गांजा पाकर महंगे दामों में बेच देते है।यही कारण है कि पकड़ी गई महिलाएं भारी मात्रा में गांजा लाकर बेचती है।लेकिन इस बार इनका प्रोग्राम विफल हो गया और गांजा समेत खुद गिरफ्तार हो गए है।