उधारी की रकम,पुरानी रंजिश और जरा सी बात पर मारा चाकू
तोरवा,सिरगिट्टी,सिविल लाइन क्षेत्र चाकू की नोक से थर्राया
लगातार चाकू चलने से आमजनों में दहशत
पुलिस की कार्रवाई के बाद भी चाकूबाजी की घटना थमने का नहीं ले रही नाम
बिलासपुर। जिले में इन दिनों चाकूबाजी की घटनाएं बढ़ने लगी है।एक तरफ पुलिस कार्रवाई कर रही है तो दूसरी तरफ चाकूबाजी की घटनाएं लगातार बढ़ने लगी है।
इसमें सबसे ज्यादा सिविल लाइन,तोरवा और सिरगिट्टी क्षेत्र के लोग परेशान है।जहां पर चाकूबाजी की घटना एकदम आम हो चुकी है।सिविल लाइन क्षेत्र में उधारी की रकम को लेकर चाकू मारा जा रहा है तो वही तोरवा के महमंद के पुरानी रंजिश पर महिला के घर घुसकर चाकू मारा गया है।इसी तरह लालखदान में बातचीत करने के लिए पहुंचे नाबालिग बालकों पर भी पुरानी रंजिश पर चाकू मारकर जान लेने की कोशिशें की गई है।
लागतार हो रही चाकूबाजी की घटना से बिलासपुर शहर दहशत में है।जिसकी वजह से आमजनों की नींद हराम हो चुकी है।इधर पुलिस का कहना है कि चाकूबाजी करने वालो के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर रही है चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।जबकि हकीकत में देखा जाए तो इसका असर नजर नहीं आ रहा है।
यही कारण है कि क्षेत्र में इन दिनों सबसे ज्यादा चोरी,डकैती और लुट नहीं बल्क चाकूबाजी की घटनाएं होने लगी है।
महमंद में पुरानी रंजिश बनी खौफनाक,नाबालिगों से मारपीट कर धारदार हथियार से हमला
बिलासपुर ।तोरवा थाना क्षेत्र के लालखदान महमंद में पुरानी रंजिश को लेकर दो नाबालिगों के साथ मारपीट और धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद के दौरान युवकों के एक समूह ने दोनों नाबालिगों के साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने मामले में अरमान और उसके अन्य साथियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तोरवा थाना से मिली जानकारी के अनुसार, नाबालिग ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह गणेश नगर नयापारा, थाना सिरगिट्टी क्षेत्र में रहता है और कक्षा 9वीं की पढ़ाई कर रहा है। 29 अगस्त को उसके दोस्त के साथ अरमान और उसके साथियों ने मारपीट की थी। इस घटना की रिपोर्ट उसने सिरगिट्टी थाने में दर्ज कराई थी। इसी मामले को लेकर अरमान ने बातचीत के लिए उन्हें लालखदान महमंद तालाब के पास बुलाया था। शाम करीब 4:30 बजे पीड़ित दोनो नाबालिग वहां पहुंचे। शिकायत के अनुसार, वहां मौजूद अरमान और उसके साथियों ने पुरानी रिपोर्ट को लेकर विवाद शुरू कर दिया। आरोपियों ने दोनों के साथ मां-बहन की अश्लील गाली-गलौज करते हुए रिपोर्ट में समझौता करने का दबाव बनाया।
आरोप है कि युवकों ने शराब पीने के लिए पैसे की मांग भी की। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने दोनों नाबालिगों के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान अरमान ने किसी धारदार वस्तु से पीड़ित की पीठ और पैर पर हमला कर दिया। हमले में उसके बाएं कंधे और दाहिनी जांघ में चोट आई है।पीड़ित की शिकायत पर तोरवा पुलिस ने अरमान और उसके अन्य साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुरानी उधारी बनी खूनी दुश्मनी,युवक पर चाकू-ब्लेड से ताबड़तोड़ वार
सिर-गर्दन और सीने में गंभीर चोटें, हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
बिलासपुर । सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुरानी रकम के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो युवकों ने मिलकर एक युवक पर चाकू और ब्लेड से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर, गर्दन, बाएं हाथ और सीने में गंभीर चोटें आईं। खून से लथपथ हालत में मिले घायल को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल ब्लेड बरामद किया है, जबकि दूसरा आरोपी घटना के बाद से फरार है।
सिविल लाइन पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार राजीव गांधी चौक के पास मंझवापारा निवासी राजा महिलांगे ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि उसके बुआ के बेटे सूरज कोसले ने फोन कर जानकारी दी कि प्रेम डाहिरे और उदय चक्रधारी ने उसके साथ मारपीट की है और वह रिपोर्ट दर्ज कराने थाने जा रहा है। सूचना मिलते ही राजा थाने पहुंचा, जहां सूरज खून से लथपथ मिला। इसके बाद उसे तत्काल सिम्स ले जाया गया।
घायल सूरज ने पुलिस को बताया कि वह कुम्हारपारा रोड स्थित अपना मार्ट के सामने था। इसी दौरान प्रेम डाहिरे और उदय चक्रधारी वहां पहुंचे और पुरानी उधारी की रकम को लेकर विवाद करने लगे। रकम नहीं मिलने से नाराज दोनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू और ब्लेड से लगातार हमला किया गया। घायल के बयान के आधार पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने दबिश देकर प्रेम डाहिरे 24 वर्ष को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त ब्लेड बरामद कर जब्त किया गया। वहीं दूसरा आरोपी उदय चक्रधारी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
चाकू लेकर महिला के घर पहुंचा युवक, जान से मारने की धमकी
दरवाजा पीटकर गाली-गलौज और तोड़फोड़,चाकू लहराते हुए महिला पर हमले का प्रयास
बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र में देर रात एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर महिला के घर पहुंच गया और जमकर हंगामा किया। आरोपी ने दरवाजा पीटते हुए गाली-गलौज की और महिला के देवर को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद चाकू लहराते हुए महिला की ओर हमला करने के लिए दौड़ा। महिला ने घर के भीतर भागकर दरवाजा बंद कर अपनी जान बचाई। घटना के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
शंकर नगर निवासी रानी बर्मन ने तोरवा पुलिस को बताया कि रात करीब 12 बजे वह घर का दरवाजा बंद कर ऊपरी मंजिल स्थित अपने कमरे में चली गई थीं। कुछ देर बाद नीचे से जोर-जोर से दरवाजा पीटने और गाली-गलौज करने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर वह नीचे पहुंचीं तो एनई कॉलोनी निवासी गुलशन हटले हाथ में धारदार चाकू लेकर खड़ा था।
आरोप है कि गुलशन ने महिला से गाली-गलौज करते हुए उसके देवर गजेंद्र बर्मन को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने चाकू लहराया और महिला की ओर हमला करने के लिए दौड़ा। महिला जान बचाने के लिए घर के अंदर भागी और दरवाजा बंद कर लिया। इस दौरान आरोपी ने घर में तोड़फोड़ भी की।
घटना की सूचना पुलिस को दिए जाने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी गुलशन हटले की तलाश कर रही है।
पुलिस बोली,हो रही लगातार कार्रवाई,किसी को बक्शा नहीं जाएगा
जिले के चाकूबाजी की घटना को लेकर पुलिस का कहना है कि लगातार कार्रवाई हो रही है।इसके लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।संदिग्ध लोगों की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।इसमें किसी को भी बक्शा नहीं जा रहा है।इसके लिए रात को पेट्रोलिंग और गश्त कर चाकूबाजी करने वालो पर कार्रवाई कर जेल भेजने की कार्रवाई लगातार जारी है।