Blog

पड़ोसी के कुत्ते ने दादा-पोती को काटा,समझाइश देने पर बेटे से मारपीट और चाकू से जानलेवा हमला

गंभीर रूप से घायल हुआ युवक

बिलासपुर।सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम पाड़ेपुर में पालतू कुत्ते को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पड़ोसी के कुत्ते द्वारा दादा और पोती को काटे जाने के बाद समझाइश देने पहुंचे युवक पर पड़ोसियों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को सिम्स में भर्ती कराया गया है। ग्राम पाड़ेपुर निवासी शिवकुमार सूर्यवंशी ने बताया कि रविवार को उनके पड़ोसी राजकुमार सूर्यवंशी के पालतू कुत्ते ने उनके पिता और भतीजी को काट लिया, जिससे दोनों घायल हो गए। इस घटना से आक्रोशित होकर शिवकुमार का बेटा संतकुमार पड़ोसी के घर पहुंचा और राजकुमार को कुत्ते को बांधकर रखने की समझाइश दी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। कुछ देर बाद राजकुमार अपने बेटों कमल, कमलेश और अमन के साथ शिवकुमार के घर के पास पहुंचा। उन्होंने संतकुमार को बाहर बुलाया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने संतकुमार पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया।
मारपीट की आवाज सुनकर शिवकुमार और परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर संतकुमार को हमलावरों से बचाया। इसके बाद परिजन घायल को सीपत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सिम्स रेफर कर दिया गया। वर्तमान में संतकुमार का सिम्स में इलाज जारी है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *