Blog

एक ही कक्षा के 12 से ज्यादा छात्रों को 2 से 6 अंक,परीक्षा परिणाम में सुधार की मांग लेकर विश्वविद्यालय पहुंचे छात्र

बिलासपुर। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के अंतर्गत विभिन्न महाविद्यालयों के परीक्षा परिणाम निराशाजनक आने के बाद मंगलवार को बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय परिसर पहुंचे। छात्रों ने परीक्षा परिणाम में सुधार की मांग करते हुए उत्तरपुस्तिकाओं का रिव्यू कराने की मांग परीक्षा नियंत्रक के समक्ष रखी।

जेपी वर्मा कॉलेज, एसबीटी कॉलेज और डीएलएस कॉलेज के छात्र-छात्राएं परीक्षा नियंत्रक कार्यालय पहुंचे। बीएससी द्वितीय वर्ष मैथ्स ग्रुप, पीजीडीसीए सहित अन्य विषयों के विद्यार्थियों ने छात्र नेता सूरज सिंह राजपूत और नीरज यादव के साथ परीक्षा नियंत्रक शरद कुमार देवांगन से मुलाकात कर अपनी समस्याएं बताईं।

छात्रों का कहना है कि बीएससी गणित समूह की एक ही कक्षा में 12 से अधिक विद्यार्थियों को गणित विषय में महज 2 से 6 अंक मिले हैं। जबकि इन्हीं विद्यार्थियों को अन्य विषयों में 70 अंक तक प्राप्त हुए हैं। छात्रों ने कहा कि परीक्षा अच्छी जाने के बावजूद गणित में इतने कम अंक मिलने से उन्हें मूल्यांकन प्रक्रिया में त्रुटि की आशंका है। विद्यार्थियों ने यह भी बताया कि उनके पिछले परीक्षा परिणाम अच्छे रहे हैं, ऐसे में इस बार आए अप्रत्याशित परिणाम से वे निराश हैं।

छात्र नेता सूरज सिंह राजपूत ने परीक्षा नियंत्रक से उत्तरपुस्तिकाओं का जल्द रिव्यू कराने और समीक्षा के बाद विद्यार्थियों को परिणाम की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द निराकरण की मांग की।

सुबह से लगी रही छात्रों की भीड़

परीक्षा परिणाम की समस्या को लेकर मंगलवार सुबह से ही परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में छात्रों की भीड़ लगी रही। छात्रों के अनुसार, परीक्षा नियंत्रक कुलपति के जन्मदिवस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहली पाली में कोनी स्थित विश्वविद्यालय की नई बिल्डिंग गए हुए थे। इसके कारण परीक्षा नियंत्रक से मिलने के लिए पहुंचे छात्र-छात्राओं को इंतजार करना पड़ा और उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में छात्रों ने परीक्षा नियंत्रक से मुलाकात कर अपनी मांग रखी।

इस दौरान छात्र नेता सूरज सिंह राजपूत, नीरज यादव के साथ जेपी वर्मा कॉलेज, डीएलएस कॉलेज सहित विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *