Blog

एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध के बाद रेस्टोरेंट-डेयरी की जांच में तेजी,खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने कमियां मिलने पर जारी किया नोटिस

अब जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने निगरानी और जांच अभियान तेज कर दिया है। विभाग की टीम लगातार रेस्टोरेंट, डेयरी और खाद्य निर्माण फर्मों का औचक निरीक्षण कर रही है। इसी कड़ी में खाद्य विभाग की टीम ने कोटा स्थित कृष्णनंदन और रतनपुर हाईवे स्थित आलाकार्ट रेस्टोरेंट निरीक्षण किया। का
जांच के दौरान पाई गई कमियों को लेकर दोनों प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किया गया। साथ ही वहां से पनीर और दही के नमूने लिए गए हैं। नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जिला नियंत्रक दीपक अग्रवाल के निर्देश पर चल रहे इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ उनके निर्माण, भंडारण और बिक्री की प्रक्रिया की भी जांच कर रही है। विभाग का मुख्य फोकस यह सुनिश्चित करना है कि प्रतिबंधित एनालॉग पनीर या अन्य गैर-डेयरी उत्पादों को पनीर अथवा डेयरी उत्पाद के नाम पर उपभोक्ताओं को नहीं बेचा जाए।

नमूने जांच के लिए भेजे, रिपोर्ट के बाद तय होगी कार्रवाई

कोटा और रतनपुर हाईवे के दोनों प्रतिष्ठानों से पनीर और दही के नमूने लिए गए हैं। इन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट में यदि खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरते हैं या किसी तरह की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बैठकों के साथ अब प्रतिष्ठानों की धरातल पर जांच

खाद्य विभाग की ओर से प्रतिबंध के बाद केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि खाद्य कारोबारियों के साथ बैठकें और समझाइश भी की जा रही है। कारोबारियों को एनालॉग पनीर और अन्य प्रतिबंधित उत्पादों के संबंध में नियमों की जानकारी देने के साथ इनके उपयोग, भंडारण और बिक्री से बचने के निर्देश दिए जा रहे हैं। इसके बावजूद नियमों के पालन की वास्तविक स्थिति जानने के लिए विभाग की टीमें लगातार औचक निरीक्षण कर रही हैं।

वर्जन
एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध के बाद जिले में खाद्य कारोबारियों को नियमों की जानकारी देने के साथ लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। कोटा और रतनपुर में किए गए निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों के संबंध में संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस दिया गया है और पनीर-दही के नमूने लिए गए हैं। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

आर आर देवांगन, डीओ,खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *