ऑटो किराए के 20-50 रुपए के विवाद और घूरने ने लिया खूनी रूप,सिरगिट्टी में घर तक पहुंचा जानलेवा हमला,चाकुओं से ताबड़तोड़ वार…तीन युवक गंभीर रूप से घायल

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात 20 से 25 रुपये के ऑटो किराए और घूरने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद कुछ ही घंटों में खूनी संघर्ष में बदल गया। चुचुहियापारा रेलवे अंडरब्रिज के पास शुरू हुई कहासुनी पहले मारपीट और फिर चाकूबाजी तक पहुंच गई। इसके बाद विवाद सड़क से निकलकर घरों तक पहुंच गया, जहां दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर धारदार हथियार, रॉड और पत्थरों से जानलेवा हमला करने के आरोप लगाए हैं। इस खूनी संघर्ष में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज सिम्स अस्पताल में चल रहा है।
दरअसल इस घटना ने इसलिए भी तूल पकड़ लिया है क्योंकि दोनों पक्ष अलग-अलग कहानी बता रहे हैं, जबकि परिजनों ने सिरगिट्टी पुलिस की शुरुआती कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि पहले विवाद की सूचना मिलने के बावजूद समय रहते प्रभावी हस्तक्षेप नहीं किया गया, जिसके कारण मामला खूनी संघर्ष में बदल गया।
यही कारण है कि सिरगिट्टी पुलिस की लापरवाही के कारण एक बार फिर से चाकूबाजी की घटना क्षेत्र में होने लगी है।
अगर समय रहते पुलिस इसमें सुनवाई करती तो चाकूबाजी की घटना नहीं होती।
बॉक्स
रेलवे अंडरब्रिज पर शुरू हुआ विवाद, फिर बेकाबू हो गया मामला
जानकारी के अनुसार रविवार देर रात चुचुहियापारा रेलवे अंडरब्रिज के पास ऑटो किराए को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ ही देर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान धारदार हथियार निकल आए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चाकूबाजी में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले जिला अस्पताल और बाद में गंभीर हालत में सिम्स रेफर किया गया।
बॉक्स
पहला पक्ष बोला- पत्नी को लेने आया था, चेन छीनी और चाकू मार दिया
घायल पक्ष के अनुसार उत्तर प्रदेश के फूलपुर निवासी आकिब अपनी पत्नी को लेने बिलासपुर आया हुआ था। रात में खाना खाने के बाद वह अपने रिश्तेदार अयान के साथ घर के बाहर बैठा था। आरोप है कि तभी ऑटो चालक समीर खान वहां पहुंचा और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
परिजनों का आरोप है कि गाली-गलौज के दौरान अयान के गले से चेन छीन ली गई। विरोध करने पर आकिब और अयान पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
बॉक्स
दूसरा पक्ष बोला- 6 से 8 लोग घर पहुंचे, दरवाजा खुलते ही हमला
दूसरी ओर ऑटो चालक समीर खान के परिजनों का दावा पूरी तरह अलग है। उनके मुताबिक रास्ते में किराए को लेकर विवाद जरूर हुआ था, लेकिन बाद में मामला शांत हो गया था। कुछ देर बाद 6 से 8 लोग उनके घर पहुंच गए।
आरोप है कि जैसे ही दरवाजा खोला गया, समीर खान पर चाकू, लोहे की रॉड और बोल्डर से हमला कर दिया गया। बेटे को बचाने पहुंचे उसके पिता मोहम्मद रफीक भी हमले में घायल हो गए। समीर के सिर, कमर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज सिम्स अस्पताल में चल रहा है।
बॉक्स
सड़क से घर तक पहुंचा खूनी संघर्ष, इलाके में फैला तनाव
घटना के बाद चुचुहियापारा और आसपास के इलाके में देर रात तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और देर रात तक इलाके में हलचल बनी रही।
बॉक्स
पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
घायल पक्ष के परिजनों ने आरोप लगाया है कि शुरुआती विवाद की जानकारी पुलिस तक पहुंची थी, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि पहले ही हस्तक्षेप किया जाता तो आरोपी घर तक पहुंचकर हमला नहीं कर पाते और चाकूबाजी जैसी गंभीर घटना टल सकती थी। इसी को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
बॉक्स
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस,
दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर ली है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
पूरे घटनाक्रम की जांच अब इस बात पर केंद्रित है कि ऑटो किराए को लेकर शुरू हुआ विवाद आखिर किन परिस्थितियों में सड़क से निकलकर घर तक पहुंचा और चाकूबाजी में तब्दील हो गया। फिलहाल तीनों घायल सिम्स अस्पताल में उपचाराधीन हैं और सिरगिट्टी पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
वर्जन
मामले में दोनों पक्षों की तरफ से शिकायत लेकर एफआईआर दर्ज करके जांच किया जा रहा है।जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पंकज कुमार पटेल
एएसपी सिटी बिलासपुर