ऑटो से उतरते समय दो महिलाओं की सोने की चेन
ऑटो में बैठी महिलाओं ने दिया घटना को अंजाम
बिलासपुर । शहर में झपटमारी और चोरी की घटनाओं
के बीच अब महिलाओं के गिरोह के सक्रिय होने की बात सामने आ रही है। सरकंडा थाना क्षेत्र में अलग-अलग घटनाओं में ऑटो में सवार महिलाओं ने दो महिला यात्रियों के गले से सोने की चेन झपट ली और वारदात के बाद फरार हो गईं। दोनों मामलों में पीड़िताओं ने कई दिनों बाद थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना 27 जून की बताई जा रही है। अशोक विहार फेस-1 निवासी मंजू सिंह, जो कोटा विकासखंड के तेंदुआ स्थित हाईस्कूल में प्राचार्य हैं, दोपहर करीब एक बजे नेहरू चौक से ऑटो में सवार होकर साइंस कॉलेज के पास स्थित अपने घर जा रही थीं। उनके साथ ऑटो में चार-पांच महिलाएं भी बैठी थीं। मंजू के मुताबिक, ऑटो में बैठी महिलाएं लगातार उनके गले में पहनी करीब 16 ग्राम वजनी सोने की चेन पर नजर रख रही थीं। करीब 1:30 बजे साइंस कॉलेज के पास उतरते समय
महिलाओं ने मौका पाकर चेन झपट ली और डबरीपारा की ओर भाग गईं। शोर मचाने और आसपास के लोगों को बुलाने तक आरोपी महिलाएं फरार हो चुकी थीं।
अपने स्तर पर तलाश करने के बाद मंजू ने 19 अगस्त
को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। दूसरी घटना 6
अगस्त की है। गीता पैलेस के सामने त्रिवेणी नगर निवासी अंगुरी जैन दोपहर करीब 12 बजे जैन मंदिर, एसबीआई के पास से ऑटो में बैठकर घर जा रही थीं। ऑटो में पहले से चार महिलाएं सवार थीं। पीड़िता के अनुसार, महिलाएं उनके गले में पहनी करीब दो तोला वजनी और लगभग तीन लाख रुपये कीमत की सोने की चेन को देख रही थीं। गीता पैलेस के पास उतरते समय आरोपियों ने चेन झपट ली और मोहल्ले की ओर भाग गईं। आसपास के लोगों की मदद से तलाश की गई, लेकिन उनका पता नहीं चला। इस मामले में भी 19 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई गई। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। जिस तरीके से ऑटो में बैठी महिलाएं पहले यात्रियों के जेवर पर नजर रखती हैं और
उतरने के दौरान वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाती हैं, उससे किसी संगठित महिला गिरोह की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस अब ऑटो, घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही ऐसे गिरोहों की गतिविधियों और पूर्व में हुई झपटमारी की घटनाओं से भी कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
ऑटो में बैठकर महिला गिरोह करती है ठगी करने का काम
पिछले कई समय से यही सुनने और देखने को मिल रहा है कि ऑटो में सवार कुछ संदिग्ध महिलाएं मौका पाकर सोने चांदी के जेवरात पहनी महिलाओं को निशाना बनाती है और उसके बाद मौका पाकर फरार हो जाती है।इसमें ज्यादातर हादसे ऑटो में हो रहा है।जिसकी भनक महिला को बाद में लगती है।