ऑनलाइन सट्टे पर तीन सटोरियों से 22 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त,खिलाड़ी बुक नामक पैनल से विभिन्न खेलों पर सट्टा खिलाने का करते थे काम

बिलासपुर ।सिविल लाइन पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा कारोबारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खिलाड़ी बुक नामक पैनल से विभिन्न खेलों पर सट्टा खिलाने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में सट्टे की रकम आगे पहुंचाने वाले आरोपी को भी पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 22.63 लाख रुपए से अधिक की संपत्ति जब्त की है।
सिविल लाइन थाना पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि मंगला स्थित एचडीएफसी बैंक के पास कुछ लोग मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश देकर संतोष जसवानी, करन श्रीवास, आशीष जसवानी तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 5 मोबाइल फोन, विभिन्न बैंकों के 27 एटीएम कार्ड, 13 लाख 48 हजार रुपए नकद, एक टाटा कार और एक स्कूटी जब्त की। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी संतोष जसवानी द्वारा सट्टे की रकम आशीष जसवानी के माध्यम से आगे पहुंचाई जा रही थी।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7(2) एवं बीएनएस की धारा 112 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

मामले में फरार सटोरिये रोहित पंजवानी, सागर चेतवानी और राज चेतानी की तलाश जारी है। बिलासपुर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर भी जारी कराया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में जुआ और सट्टा कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

नेतागिरी का एप्रोच लगाकर छुड़ाने की कोशिश थी
गिरफ्तार आरोपियों के परिवार भाजपा नेताओं से जुड़े हुए है।जिनके लिए कुछ भाजपा नेताओं का फोन भी आया था।लेकिन पुलिस ने किसी की नहीं सुनी बल्कि कार्रवाई की।इस बीच कुछ रसूखदार लोग पैसा और ऊंची पहुंच का भी धौंस दिखाने लगे,बावजूद इसके पुलिस ने जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई कर रिमांड पर जेल भेजा है।