कानफोड़ू पटाखे जैसी आवाज निकालने वाली बाइकों पर ट्रैफिक पुलिस का कड़ा प्रहार,मोडिफाइड साइलेंसर वाली 8 बुलेट समेत 20 वाहनों पर कार्रवाई,कोर्ट भेजे जा रहे प्रकरण

बिलासपुर। शहर में मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर पटाखे जैसी तेज आवाज निकालने वाले बाइकर्स के खिलाफ यातायात पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को शहर के अलग-अलग प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों पर कार्रवाई करते हुए 8 मोडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट समेत कुल 20 वाहनों पर कार्रवाई की गई। सभी वाहनों के प्रकरण तैयार कर न्यायालय भेजे जा रहे हैं।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर यातायात पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार सख्ती की जा रही है। इसी कड़ी में मोडिफाइड साइलेंसर वाली स्पोर्ट्स बाइक, बुलेट और अन्य दोपहिया वाहनों की जांच के लिए शहर के प्रमुख मार्गों पर विशेष अभियान चलाया गया।पुलिस के अनुसार मोडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज और अचानक पटाखे जैसी आवाज से न केवल ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है, बल्कि सड़क पर चलने वाले लोगों में डर और असुरक्षा की स्थिति भी बनती है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बीमार लोगों को ऐसी तेज आवाज से परेशानी हो सकती है। इसी को देखते हुए ऐसे वाहनों पर लगातार निगरानी रखकर कार्रवाई की जा रही है।
ट्रैफिक पुलिस ने 20 वाहनों पर की कार्रवाई
सत्यम चौक, अग्रसेन चौक, पुराना बस स्टैंड, सीएमडी चौक, श्रीकांत वर्मा मार्ग, महिमा तिराहा और मैग्नेटो मॉल रोड सहित अन्य स्थानों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान मोडिफाइड साइलेंसर, बुलेट में प्रेशर हॉर्न, नंबर प्लेट पर टेप लगाना, बिना नंबर प्लेट और स्टाइलिश नंबर प्लेट जैसे यातायात नियमों के उल्लंघन पाए गए। कुल 20 वाहनों पर कार्रवाई की गई, जिनमें 8 बुलेट शामिल हैं।
साइलेंसर बेचने वाले दुकानदारों और एजेंसियों पर भी होगी कार्रवाई
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर वाहन चलाने वालों के साथ-साथ ऐसे साइलेंसर बेचने वाले दुकानदारों और एजेंसियों पर भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पहले भी ऐसे दुकानों पर छापामार कार्रवाई कर नोटिस जारी कर चुकी है। नियमों के विपरीत मोडिफाइड साइलेंसर की बिक्री की सूचना मिलने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
तेज आवाज वाले मोडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल न करें।
यह अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में उप पुलिस अधीक्षक शिवचरण परिहार, सभी टेंगो टीम और शहर पेट्रोलिंग टीम द्वारा लगातार जारी रखा जाएगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे वाहनों में निर्धारित मानकों के विपरीत किसी भी तरह का मॉडिफिकेशन न कराएं और तेज आवाज वाले मोडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल न करें।