रतनपुर में अशांति फैलाने वालों पर पुलिस का प्रहार, 8 बदमाशों पर कार्रवाई,चाकू लहराकर राहगीरों को डराने वाला आरोपी गिरफ्तार

नशे-अड्डाबाजी कर रहे 7 बदमाशों पर भी कार्रवाई
बिलासपुर। रतनपुर पुलिस ने क्षेत्र में अशांति और नशे-अड्डाबाजी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 8 बदमाशों पर कार्रवाई की है। ओछिनापारा में चाकू दिखाकर राहगीरों को डराने वाले आरोपी को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया, जबकि दर्रीपारा चौक में नशे और अड्डाबाजी करते मिले 7 बदमाशों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 15 सितंबर को ओछिनापारा रतनपुर में एक व्यक्ति द्वारा धारदार चाकू दिखाकर राह चलने वाले लोगों को डराने-धमकाने की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय ने उच्च अधिकारियों को सूचना देकर पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया। टीम ने मौके से सुरज माण्डवा (28), निवासी ओछिनापारा रतनपुर को पकड़ा। उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।
इसी दिन रतनपुर पुलिस की टीम दर्रीपारा क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इस दौरान दर्रीपारा चौक में नशे और अड्डाबाजी करते 7 बदमाश मिले। पुलिस सभी को थाने लेकर आई और उनके खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए तहसील न्यायालय में पेश किया।
कार्रवाई में विवेक सिंह (29), निवासी राजगढ़, जिला मिर्जापुर उत्तर प्रदेश; गिरीश साहू (27), निवासी कोनी; सूर्यकांत कोशले (28), दीपेश कोशले (26), अरविंद डगर्जी (27), शिवम माण्डवा (27) और छोटू उर्फ भोलू माण्डवा (28), सभी निवासी रतनपुर शामिल हैं।
पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनिल साहू यादव, प्रधान आरक्षक कौशल राम खुटे तथा आरक्षक कीर्ति पैकरा, राजेन्द्र साहू और प्रमोद केंवट की टीम ने की।